शिकायतों के समाधान में अमरोहा की उपलब्धि:आईजीआरएस रैंकिंग में 5वां स्थान प्राप्त किया; 39 पायदानों की लगाई छलांग

Oct 02, 2026 - 13:54
0
शिकायतों के समाधान में अमरोहा की उपलब्धि:आईजीआरएस रैंकिंग में 5वां स्थान प्राप्त किया; 39 पायदानों की लगाई छलांग
जनता की शिकायतों के त्वरित और पारदर्शी समाधान में अमरोहा जिले ने पूरे प्रदेश में अपनी कार्यप्रणाली का लोहा मनवाया है। उत्तर प्रदेश सरकार की प्राथमिकता वाली जनसुनवाई समाधान प्रणाली (आईजीआरएस एवं सीएम हेल्पलाइन) की ताजा रैंकिंग में अमरोहा ने 39 पायदानों की लंबी छलांग लगाते हुए पांचवां स्थान हासिल किया है। अगस्त माह में 112 अंकों के साथ 44वें स्थान पर रहे जिले ने प्रशासनिक सक्रियता और व्यवस्थागत सुधारों के दम पर सितंबर में 130 में से 119 अंक (91.54%) अर्जित किए हैं। जिलाधिकारी नितिन गौड़ की अगुवाई में शिकायतों की गुणवत्ता और धरातलीय समाधान पर विशेष जोर दिए जाने के कारण जिले ने प्रदेश के शीर्ष जनपदों में अपनी मजबूत जगह बनाई है। प्रशासनिक सुधार के तहत जिलाधिकारी ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न बरती जाए। उन्होंने प्रतिदिन की समीक्षा शुरू कराई और हर पटल की सीधी जवाबदेही तय की। अधिकारियों को केवल दफ्तर में बैठकर आख्या लगाने के बजाय सीधे फरियादी के पास पहुंचकर वस्तुस्थिति जानने का जिम्मा सौंपा गया, जिससे पूरी व्यवस्था में तेजी और पारदर्शिता आई। प्रशासनिक चुस्ती का बड़ा उदाहरण डीएम और एसपी कार्यालय में देखने को मिला, जहां शासन द्वारा तय किए गए 485 के मासिक लक्ष्य के सापेक्ष 730 शिकायतें (150.52%) पोर्टल पर दर्ज कर संबंधित विभागों को भेजी गईं। त्वरित फीडिंग और महज 0.34 औसत दिवस में मामलों के अग्रसारण से यह सुनिश्चित हुआ। जिलाधिकारी डॉ0 नितिन गौड़ ने कहा कि आईजीआरएस जनता की आवाज शासन तक पहुंचाने का सबसे सशक्त माध्यम है। पांचवें पायदान पर पहुंचना पूरी प्रशासनिक टीम के आपसी समन्वय और जनता के विश्वास का प्रतिफल है। हमारी प्राथमिकता केवल फाइलों में शिकायतें निस्तारित करना नहीं, बल्कि हर नागरिक को वास्तविक राहत दिलाना है। आगे भी इसी तत्परता के साथ कार्य जारी रहेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User