शिक्षा मित्रों ने मथुरा में मांगों को लेकर प्रदर्शन किया:मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा, नवंबर में लखनऊ में बड़े प्रदर्शन की चेतावनी दी

Sep 28, 2026 - 18:46
0
शिक्षा मित्रों ने मथुरा में मांगों को लेकर प्रदर्शन किया:मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा, नवंबर में लखनऊ में बड़े प्रदर्शन की चेतावनी दी
मथुरा में उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ के जिला अध्यक्ष खेम सिंह चौधरी के नेतृत्व में सोमवार को शिक्षा मित्रों ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे दर्जनों की संख्या में शिक्षा मित्र बट वृक्ष से प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। यहां जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर साक्षी शर्मा को सौंपा गया। जिला अध्यक्ष खेम सिंह चौधरी ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर प्रदेश के सभी जनपदों में शिक्षा मित्रों की मांगों को लेकर ज्ञापन दिए जा रहे हैं। इसी क्रम में मथुरा में भी प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। उन्होंने कहा कि शिक्षा मित्र लंबे समय से अपनी समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि 3 जनवरी 2025 के शासनादेश का पालन करते हुए शिक्षा मित्रों के स्थानांतरण और समायोजन की प्रक्रिया पूरी की जाए। शिक्षकों के लिए आयोजित होने वाली विशेष टीईटी में शिक्षा मित्रों को भी शामिल किया जाए। इसके अलावा टीईटी उत्तीर्ण और शिक्षक पद की योग्यता रखने वाले करीब 80 से 90 हजार शिक्षा मित्रों का सीधे शिक्षक पद पर समायोजन करने की मांग की गई। संघ ने शिक्षा मित्रों को 11 महीने के स्थान पर 12 महीने का मानदेय देने, सेवानिवृत्ति की आयु 60 से बढ़ाकर 62 वर्ष करने की मांग भी रखी। पिछले 10 वर्षों में असमय मृत्यु का शिकार हुए शिक्षा मित्रों के परिवारों को आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को योग्यता के अनुसार सरकारी नौकरी देने की मांग की गई। जिला संरक्षक दीपक गुप्ता ने कहा कि मांगों पर सरकार ने सहानुभूतिपूर्वक विचार नहीं किया तो नवंबर में लखनऊ में बड़ा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन में जिला महामंत्री मुंसिफ अली, रामकुमार चौधरी, ठाकुर योगेंद्र सिंह, राजकुमार चौधरी समेत दर्जनों शिक्षा मित्र मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User