श्रावस्ती में दो छात्राएं बनीं एक दिन की थाना प्रभारी:पारिवारिक विवाद सुलझाने वाले परिवारों से फीडबैक भी लिया
श्रावस्ती में मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत पुलिस ने शुक्रवार को महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, अधिकारों और पुलिस की कार्यप्रणाली के प्रति जागरूक किया। कोतवाली भिनगा और थाना हरदत्त नगर गिरंट में दो छात्राओं को एक दिन का थाना प्रभारी बनाया गया। छात्राओं को थाना प्रभारी की जिम्मेदारियों और जनसमस्याओं के निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में बताया गया। वहीं, पारिवारिक विवादों का समाधान कराने वाले परिवारों को सम्मानित कर उनसे फीडबैक भी लिया गया। माही और शालिनी बनीं एक दिन की थाना प्रभारी क्षेत्राधिकारी भिनगा आलोक कुमार सिंह के नेतृत्व में एक्सीलेंट पब्लिक स्कूल, राजपूत कॉलोनी के विद्यार्थियों को थाना कार्यालय, मिशन शक्ति केंद्र और साइबर सेल का भ्रमण कराया गया। इस दौरान कक्षा आठ की छात्रा माही को एक दिन का थाना प्रभारी बनाया गया। उसे पुलिस के कामकाज, थाना प्रभारी के दायित्वों और जनसमस्याओं के निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इसी तरह थाना हरदत्त नगर गिरंट में बनकटवा महोली विद्यालय की छात्राओं को थाने का भ्रमण कराया गया। यहां कक्षा नौ की छात्रा शालिनी वर्मा, पुत्री जगन्नाथ, निवासी सतरही, थाना सोनवा, ब्लॉक जमुनहा को एक दिन का थाना प्रभारी बनाया गया। छात्रा को पुलिस के कार्यों और थाना प्रभारी की जिम्मेदारियों के बारे में बताया गया। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता बढ़ाना है। महिला सुरक्षा और अधिकारों की दी जानकारी थाना सिरसिया की मिशन शक्ति टीम ने बालिका इंटर कॉलेज, सिरसिया की छात्राओं को थाना कार्यालय और मिशन शक्ति केंद्र का भ्रमण कराया। इस दौरान महिला सुरक्षा और पुलिस सहायता से जुड़ी जानकारी दी गई। महिला थाने की टीम ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, भिनगा की छात्राओं को महिलाओं से संबंधित शिकायतों के निस्तारण और सुरक्षा व्यवस्था के बारे में बताया। वहीं, थाना इकौना की मिशन शक्ति टीम ने विभिन्न स्थानों पर चौपाल और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और महिला संबंधी अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया। गांवों और स्कूलों में भी चलाया जागरूकता अभियान शक्ति मोबाइल टीम ने शिशु मंदिर, भिनगा के साथ ग्राम पसियनपुरवा और गोड़पुरवा में कार्यक्रम आयोजित किए। इन कार्यक्रमों में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और जरूरत पड़ने पर पुलिस से संपर्क करने के तरीकों की जानकारी दी गई। श्रावस्ती पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं में जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ पारिवारिक विवादों का संवाद और परामर्श के माध्यम से समाधान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)