श्री महावीर स्वामी दिगंबर जैन मंदिर में मनाया क्षमावाणी महापर्व:बैंड-बाजों के साथ निकली जलयात्रा,108 दीपकों से हुई आरती
आगरा में हनुमान चौराहे स्थित श्री महावीर स्वामी दिगंबर जैन मंदिर और जत्ती कटरा स्थित श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में संयुक्त रूप से वार्षिक कलशाभिषेक एवं क्षमावाणी महापर्व श्रद्धा और भक्तिभाव से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पंचकल्याणक पूजन और भव्य जलयात्रा से हुआ। जलयात्रा श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर से बैंड-बाजों के साथ शुरू होकर श्री संभवनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर, मोती कटरा पहुंची। यहां कुएं से पवित्र जल लेकर इंद्रों सहित श्रद्धालु श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, जत्ती कटरा पहुंचे। मंदिर में मंत्रोच्चार के बीच भगवान शांतिनाथ का कलशाभिषेक किया गया। इसके बाद जलयात्रा हनुमान चौराहे स्थित श्री महावीर स्वामी दिगंबर जैन मंदिर पहुंची। यहां भगवान महावीर स्वामी का स्वर्ण कलश सहित 1008 कलशों से अभिषेक किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने सुख-शांति, समृद्धि और परिवार की मंगलकामना के लिए पूजा-अर्चना की। सभी धार्मिक क्रियाएं पंडित सुनील जैन शास्त्री और पंडित फकीर जैन शास्त्री के निर्देशन में संपन्न हुईं। आगरा दिगंबर जैन परिषद के पदाधिकारियों और विभिन्न जैन मंदिरों के अध्यक्षों व मंत्रियों का सम्मान किया गया। शाम को 108 दीपकों से आरती हुई। इसके बाद भजन संध्या में महिलाओं, बालिकाओं और युवाओं ने प्रस्तुतियां दीं। समाज के लोगों ने एक-दूसरे से क्षमा याचना कर क्षमावाणी पर्व की भावना को आत्मसात किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)