सीईसी ज्ञानेश कुमार के समर्थन में माथुर वैश्य समाज:आगरा में कांग्रेस के खिलाफ निकाला मार्च, दोबारा ऐसा किया तो करेंगे पार्टियों का बहिष्कार
आगरा में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के बाद अब माथुर वैश्य महासभा उनके समर्थन में सामने आई है। गुरुवार को माथुर वैश्य महासभा के पदाधिकारियों और समाज के लोगों ने मार्च निकालकर कांग्रेस के प्रदर्शन का विरोध किया।
मार्च के दौरान समाज के लोगों ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास पर इस तरह का प्रदर्शन करना निंदनीय और अशोभनीय है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि ज्ञानेश कुमार के 88 वर्षीय बुजुर्ग माता-पिता के घर पर इस तरह का विरोध-प्रदर्शन किया जाना उचित नहीं है।
माथुर वैश्य समाज के वीरेंद्र गुप्ता ने कहा कि यदि प्रदर्शन के दौरान बुजुर्ग माता-पिता को किसी तरह की अनहोनी हो जाती तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता। समाज के लोगों ने कहा कि यदि कांग्रेस या किसी अन्य विपक्षी दल को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कामकाज या किसी निर्णय को लेकर नाराजगी है तो उन्हें उनके दिल्ली स्थित आवास या संबंधित कार्यालय के बाहर अपना विरोध दर्ज कराना चाहिए।
समाज के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस या कोई अन्य विपक्षी दल भविष्य में ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास पर इसी तरह का प्रदर्शन करता है तो माथुर वैश्य समाज ऐसी राजनीतिक पार्टियों के बहिष्कार का आह्वान करेगा।
मार्च में बड़ी संख्या में माथुर वैश्य महासभा के पदाधिकारी और समाज के लोग शामिल हुए। इस दौरान समाज की ओर से कांग्रेस के प्रदर्शन की आलोचना करते हुए ज्ञानेश कुमार के परिवार के प्रति समर्थन जताया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)