सीएम ग्रिड की सड़कों से फड़ वालों को राहत:अलीगढ़ में दूसरे दिन भी धरना, नगर निगम पहुंचे रेहड़ी-पटरी वाले, नगरायुक्त ने कहा-नई जगह खोजें, दस दिन तक नहीं हटाएगा उन्हें कोई

Oct 03, 2026 - 14:37
0
सीएम ग्रिड की सड़कों से फड़ वालों को राहत:अलीगढ़ में दूसरे दिन भी धरना, नगर निगम पहुंचे रेहड़ी-पटरी वाले, नगरायुक्त ने कहा-नई जगह खोजें, दस दिन तक नहीं हटाएगा उन्हें कोई
सीएम ग्रिड और शहर की प्रमुख सड़कों से ठेली-पटरी व फुटपाथ व्यापारियों को हटाने की तैयारी के बीच शनिवार को नगर निगम ने उन्हें 10 दिन की मोहलत दी। गांधी आई अस्पताल के बाहर शुक्रवार से चल रहा धरना शनिवार को नगरायुक्त प्रेम प्रकाश मीना से वार्ता के बाद खत्म हो गया। नगरायुक्त ने साफ किया कि अगले 10 दिन तक सीएम ग्रिड की किसी सड़क से ठेली-पटरी वालों को नहीं हटाया जाएगा। इस दौरान उनको नगर निगम की टीम के साथ मिलकर वैकल्पिक जमीन तलाशनी होगी। 'पेट का सवाल' लेकर सड़क पर उतरे फड़ विक्रेता शहर में लगातार नोटिस और चेतावनियों के बाद ठेली-पटरी और फुटपाथ कारोबारियों में कार्रवाई को लेकर नाराजगी थी। कई स्थानों पर शनिवार से हटाने की चेतावनी दी गई थी। इसके विरोध में शुक्रवार, गांधी जयंती के दिन बड़ी संख्या में कारोबारी गांधी आई अस्पताल के बाहर धरने पर बैठ गए। 'पेट का सवाल' के नारे लगाते हुए दिनभर धरना चला। शनिवार सुबह धरने में लोगों की संख्या और बढ़ गई। सूचना पर इलाका पुलिस और सीओ तृतीय सर्वम सिंह मौके पर पहुंचे। नगर निगम के अधिकारियों को भी बुलाया गया। पुलिस-प्रशासन और निगम अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और नगर निगम चलकर नगरायुक्त के सामने अपनी बात रखने का प्रस्ताव दिया। इसके बाद धरना समाप्त कर सभी लोग नगर निगम पहुंच गए। सचिन राघव की अगुवाई में नगरायुक्त से मुलाकात नगर निगम में करणी सेना नेता सचिन राघव की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल ने नगरायुक्त प्रेम प्रकाश मीना से मुलाकात की। इसमें महिला और पुरुष ठेली-पटरी कारोबारी भी शामिल रहे। बातचीत में तय हुआ कि अगले 10 दिन में कारोबारी अपनी ओर से एक-दो संभावित स्थान चिह्नित करेंगे। नगर निगम की टीम भी उनके साथ रहेगी। जगह सामने आने के बाद निगम की टीम उसका निरीक्षण करेगी। यह देखा जाएगा कि वहां कितने कारोबारियों को व्यवस्थित किया जा सकता है। स्थान उपयुक्त मिलने पर नगर निगम वहां अस्थायी वेंडिंग जोन विकसित कराकर कारोबारियों को शिफ्ट करेगा। नगरायुक्त ने आश्वासन दिया कि वेंडिंग जोन तैयार होने तक उन्हें मौजूदा स्थानों से हटाने की कार्रवाई नहीं की जाएगी। फुटपाथ और नाले की पटरी पर नहीं बनेगा नया वेंडिंग जोन नगरायुक्त ने बातचीत में यह भी स्पष्ट कर दिया कि फुटपाथ या नाले की पटरी पर अब नया वेंडिंग जोन नहीं बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन की नीति और सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के तहत सीएम ग्रिड की चौड़ी और प्रमुख सड़कों पर फुटपाथ पैदल यात्रियों के लिए तथा निर्धारित स्थान पार्किंग व यातायात व्यवस्था के लिए रखा जाना है। इसलिए कारोबारियों को ऐसी जमीन तलाशनी होगी जहां यातायात बाधित न हो और वेंडिंग जोन व्यवस्थित तरीके से विकसित किया जा सके। नगरायुक्त बोले- रोजी-रोटी नहीं, व्यवस्था बदलना मकसद नगरायुक्त प्रेम प्रकाश मीना ने कहा कि निगम की कार्रवाई का उद्देश्य किसी की रोजी-रोटी छीनना नहीं, बल्कि शहर की प्रमुख सड़कों को व्यवस्थित करना है। बारहद्वारी और जीटी रोड समेत कई स्थानों पर पहले कारोबारियों को वेंडिंग जोन में शिफ्ट किया जा चुका है। वहां यातायात सुगम हुआ है और जाम, गंदगी व अव्यवस्था में कमी आई है। अब यही व्यवस्था सीएम ग्रिड की सड़कों पर लागू की जा रही है। कारोबारियों को 10 दिन में जमीन चिह्नित करने को कहा गया है। निगम की टीम उनके साथ मिलकर स्थान का परीक्षण करेगी और उपयुक्त पाए जाने पर वहां वेंडिंग जोन विकसित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। वार्ता के बाद फड़ वालों ने धरना खत्म कर दिया। अब अगले 10 दिन में चिह्नित होने वाली जगहों पर नगर निगम की मुहर और प्रस्तावित वेंडिंग जोन की तस्वीर साफ होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User