सीतापुर में 24 घंटे से बारिश, 120 मिमी पानी बरसा:12 घंटे से बिजली गुल, शहर के कई मोहल्लों में जलभराव; पेड़ गिरने से लाइनें क्षतिग्रस्त
सीतापुर जिले में शुक्रवार सुबह से शुरू हुई बारिश शनिवार सुबह भी रुक-रुककर जारी रही। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में जिले में करीब 120 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। लगातार बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन गई है। बारिश को देखते हुए शनिवार को नर्सरी से पोस्ट ग्रेजुएशन तक के विद्यालयों में अवकाश रखा गया। तेज हवा के साथ हुई बारिश का असर विद्युत व्यवस्था पर भी पड़ा है। शहर के कई मोहल्लों में बीते करीब 12 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में 24 घंटे से अधिक समय से बिजली संकट बना हुआ है। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने से विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। कुछ जगह बिजली के खंभे भी गिर गए हैं। इससे लोगों को बारिश के साथ बिजली संकट का भी सामना करना पड़ रहा है। शहर के पूर्णागिरि, घूरामऊ बंगला, विकास नगर, खूबपुर समेत कई मोहल्लों में संपर्क मार्गों पर पानी भर गया है। जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को पानी के बीच से होकर आवागमन करना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी कई रास्तों और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। लगातार बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। सामान्य दिनों में करीब 26 डिग्री सेल्सियस रहने वाला न्यूनतम तापमान शनिवार सुबह 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यानी सामान्य से करीब चार से पांच डिग्री की गिरावट रही। बारिश से उत्पन्न स्थिति को देखते हुए डीएम डॉ. राजा गणपति आर. और एसपी अंकुर अग्रवाल लगातार जलभराव वाले क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को जल निकासी की व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने और प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)