सीतापुर में भारी बारिश से 4 कच्चे मकान गिरे:जिले में 8 जगहों पर कच्ची दीवारें ढहीं, दो महिलाओं समेत तीन घायल,प्रशासनिक अफसरों ने किया मुआयना
सीतापुर जिले में लगातार हो रही भारी बारिश से कच्चे मकानों और दीवारों के गिरने का सिलसिला जारी है। अलग-अलग इलाकों में करीब 4 कच्चे मकान पूरी तरह धराशायी हुए हैं, जबकि 8 दीवारें गिरने से घरों को नुकसान पहुंचा है। इन घटनाओं में दो महिलाओं सहित तीन लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को अलग-अलग जगहों पर इलाज के लिए भर्ती कराया गया। बारिश से कई परिवार बेघर हो गए हैं। जानकारी के अनुसार,कसमंडा के पतरा कला गांव में तीन आवास पूरी तरह गिर गए। इनमें अजय की पत्नी बेबी गुप्ता, लालता प्रसाद और रामकिशन के मकान शामिल हैं। यहां पांच अन्य घरों की दीवारें भी गिर गईं। एक मकान के मलबे में रामदयाल (60) वर्ष दब गए। ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकालकर सीएचसी कसमंडा में भर्ती कराया। परिजनों के अनुसार उनकी हालत अब ठीक है। मछरेहटा के मिर्जापुर उत्तरी मजरा तेलियानी में कुन्ना का पक्का मकान गिरने से परिवार के लोग घायल हो गए और परिवार बेघर हो गया। सकरन के पिपरा खुर्द में राजकुमार की कच्ची दीवार और हरैया में जगन्नाथ का कच्चा मकान गिर गया। मलबे में घरेलू व रसोई का सामान दब गया, जबकि बच्चे बाल-बाल बच गए। महोली के घर का तारा में उत्तम कुमार व उनकी मां आशा देवी के कच्चे मकान की दीवारें गिर गईं। मकान अब भी गिरने की स्थिति में है। सिधौली के काशीपुर में दीवार गिरने से मालती (35) घायल हुईं, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। संदना के उत्तरी टोंक गांव में भी 50 वर्षीय महिला दीवार गिरने से घायल हुईं। गोंदलामऊ के कोठवा में अर्जुन का कच्चा मकान गिरने से पड़ोसी जयपाल की दीवार भी ढह गई। मलबे से मूलचंद के पक्के मकान का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)