सीतापुर में कई मोहल्लों में घुसा बाढ़ का पानी:सरायन नदी खतरे के निशान से 70 सेमी ऊपर, पीएसी ने स्टीमर की मदद से लोगों को घरों से निकाला

Sep 29, 2026 - 17:42
0
सीतापुर में कई मोहल्लों में घुसा बाढ़ का पानी:सरायन नदी खतरे के निशान से 70 सेमी ऊपर, पीएसी ने स्टीमर की मदद से लोगों को घरों से निकाला
सीतापुर में लगातार बारिश और सरायन नदी के बढ़ते जलस्तर से शहर में बाढ़ का संकट और गहरा गया है। सरायन नदी खतरे के निशान से करीब 70 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। प्रशासन ने जलस्तर में अभी और बढ़ोतरी की आशंका जताई है। इसके चलते नदी के किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम लगातार जारी है। शहर के दुर्गापुरवा, मछली मंडी, तरीनपुर, लोनियनपुरवा, होली नगर मोहल्ला समेत कई इलाकों में बाढ़ और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कई घर पानी में डूब चुके हैं। प्रशासन और पुलिस की टीमें प्रभावित घरों से लोगों को निकालकर राहत शिविरों तक पहुंचा रही हैं। अब तक 10 सेल्टर होम में करीब दो हजार लोगों को शिफ्ट किया गया है। इन शिविरों में प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, पानी और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। हालांकि सामान चोरी होने की आशंका के चलते कुछ लोग अभी भी अपने घर छोड़ने को तैयार नहीं हैं। ऐसे लोगों की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित मोहल्लों में PAC का बल तैनात किया है। घरों की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किए जाने की बात भी प्रशासन ने कही है। इधर, डीएम राजा गणपति आर और एसपी अंकुर अग्रवाल ने मंगलवार दोपहर को कोतवाली नगर क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित होली नगर कॉलोनी का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की। एसपी के मुताबिक पुलिस, जल पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की संयुक्त टीमें लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। प्राथमिकता के आधार पर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। प्रभावित इलाकों में नावों और पुलिस टीमों के जरिए राशन, पीने का पानी, दूध और राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। जल पुलिस की नावों के साथ ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है। एसपी अंकुर अग्रवाल ने कहा कि स्थिति सामान्य होने तक राहत और बचाव कार्य 24 घंटे जारी रहेंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User