सीतापुर में केशव ग्रीन सिटी जलमग्न:प्रशासन पर समय से जानकारी न देने का आरोप, मुआवजे की मांग पर अड़े

Sep 29, 2026 - 20:25
0
सीतापुर में केशव ग्रीन सिटी जलमग्न:प्रशासन पर समय से जानकारी न देने का आरोप, मुआवजे की मांग पर अड़े
सीतापुर में शहर के बीच से गुजरी सरायन नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद रामकोट थाना क्षेत्र स्थित केशव ग्रीन सिटी में जलभराव की स्थिति से नाराज सैकड़ों लोगों ने मंगलवार देर शाम करीब 6 बजे लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-30) जाम कर दिया। बड़ी संख्या में कॉलोनी के लोग सड़क पर पहुंच गए और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग करने लगे। हाईवे जाम होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। डीएम एसपी के आने के बाद चली लम्बी बातचीत के बाद करीब 1 घंटे बाद जाम खत्म हुआ। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सरायन नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा था, इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कॉलोनी में रहने वाले लोगों को समय रहते जलस्तर बढ़ने और संभावित खतरे की जानकारी नहीं दी गई। देखते ही देखते पानी कॉलोनी के अंदर पहुंच गया और कई घरों के आसपास जलभराव हो गया। लोग कॉलोनी छोड़कर मौके से निकल गए। इससे लोगों को अपने सामान और घरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। जाम की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। तहसीलदार सदर अजीत जायसवाल ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की और उन्हें समझाने का प्रयास किया। लेकिन बात न बनने के बाद डीएम ने लोगों की समस्याएं सुनीं और स्थिति को सामान्य कराने की कोशिश की। हालांकि, प्रदर्शन कर रहे लोग जलभराव से हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग पर अड़े रहे। उनका कहना था कि अचानक पानी भरने से घरों और घरेलू सामान को नुकसान पहुंचा है। लोगों ने प्रशासन से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की भी मांग की। हाईवे पर जाम के चलते यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लोगों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारु कराने के प्रयास में जुटे रहे। स्थानीय लोगों ने जलस्तर कम होने तक प्रभावित परिवारों की मदद और राहत व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है। डीएम एसपी ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User