सीतापुर में सरायन नदी का जलस्तर 20 घंटे से स्थिर:खतरे के निशान से 90 सेंटीमीटर ऊपर, 5 मोहल्लों में अब भी पानी

Oct 02, 2026 - 15:50
0
सीतापुर में सरायन नदी का जलस्तर 20 घंटे से स्थिर:खतरे के निशान से 90 सेंटीमीटर ऊपर, 5 मोहल्लों में अब भी पानी
सीतापुर में सरायन नदी के बढ़े जलस्तर के बीच पिछले करीब 20 घंटे से पानी स्थिर रहने से बाढ़ प्रभावित इलाकों के लोगों ने राहत की सांस ली है। नहर विभाग की ओर से शुक्रवार सुबह जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक शारदा नदी का जलस्तर स्थिर ट्रेंड में है और यह खतरे के निशान से 49 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। घाघरा नदी का जलस्तर भी स्थिर है और खतरे के निशान से 1.63 मीटर नीचे है। वहीं सरायन नदी का जलस्तर खतरे के निशान से करीब 90 सेंटीमीटर ऊपर है, लेकिन गुरुवार शाम से इसमें बढ़ोतरी दर्ज नहीं की गई है। सरायन नदी का जलस्तर बढ़ने से शहर के बाहरी इलाके में स्थित केशव ग्रीन सिटी कॉलोनी समेत करीब पांच मोहल्लों में पानी भर गया था। लगातार पांच दिनों से जलभराव की स्थिति बनी रहने के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई परिवारों ने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों और बाढ़ राहत शिविरों में शरण ली है। नदी का जलस्तर स्थिर होने के बाद अब लोगों को पानी कम होने की उम्मीद जगी है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में प्रशासन की निगरानी लगातार जारी है। राहत शिविरों में रह रहे लोगों को भोजन, पेयजल और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। प्रभावित क्षेत्रों में पीएसी की फ्लड यूनिट की टीमें भी लगातार सक्रिय हैं। टीमों द्वारा जलभराव वाले इलाकों में निगरानी करने के साथ घरों में रुके लोगों तक लंच पैकेट और जरूरत की अन्य सामग्री पहुंचाई जा रही है। वहीं पुलिस की ओर से भी प्रभावित मोहल्लों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निगरानी की जा रही है। ड्रोन के जरिए घरों और गलियों की निगरानी की जा रही है, ताकि बाढ़ के कारण खाली पड़े मकानों में चोरी जैसी घटनाएं न हों। जलस्तर स्थिर होने के बाद प्रशासन की नजर अब नदी के अगले ट्रेंड और प्रभावित इलाकों में पानी कम होने पर बनी हुई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User