सीतापुर में सरायन नदी का जलस्तर चौथे दिन भी घटा:पानी उतरते ही परिवार घर लौटे, शिविरों में दवाइयां बांटीं; SDM बोले- पानी उबालकर पिएं

Oct 07, 2026 - 10:10
0
सीतापुर में सरायन नदी का जलस्तर चौथे दिन भी घटा:पानी उतरते ही परिवार घर लौटे, शिविरों में दवाइयां बांटीं; SDM बोले- पानी उबालकर पिएं
सीतापुर शहर के बीच से होकर गुजरने वाली सरायन नदी का जलस्तर लगातार चौथे दिन भी घटा है। पिछले 24 घंटे में नदी का जलस्तर करीब 20 सेंटीमीटर कम हुआ है। वहीं, चार दिनों में नदी का जलस्तर 95 सेंटीमीटर नीचे आया है। बुधवार सुबह 8 बजे नदी का जलस्तर 132.70 मीटर रिकॉर्ड किया गया, जबकि खतरे का निशान 131.00 मीटर है। जलस्तर में कमी आने से बाढ़ राहत शिविरों में रह रहे लोगों ने राहत की सांस ली है। सरायन नदी के उफान पर आने के बाद शहर के बाहर स्थित केशव ग्रीन सिटी कॉलोनी समेत करीब सात मोहल्लों में जलभराव की स्थिति बन गई थी। दुर्गापुरवा, आलमनगर, शास्त्रीनगर, लोनियनपुरवा, गदियाना समेत अन्य इलाकों में पानी तेजी से घरों और गलियों में भर गया था। इसके चलते बड़ी संख्या में लोगों को घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। कई परिवार अभी भी बाढ़ राहत शिविरों में रहकर पानी पूरी तरह उतरने का इंतजार कर रहे हैं। पानी उतरते ही कुछ परिवार घर लौटे केशव ग्रीन सिटी के ऊंचाई वाले हिस्सों में पानी कम होने के बाद कुछ लोग अब अपने घरों की ओर लौटने लगे हैं। हालांकि घर पहुंचने के बाद उनकी मुश्किलें कम नहीं हुई हैं। कई घरों में पानी भरने से फर्श और दीवारों पर कीचड़ जमा है। पानी उतरने के बाद दुर्गंध फैल रही है। घरों में रखा सामान भी पानी की चपेट में आने से खराब हो गया है। ऐसे में लोगों के सामने घरों की सफाई करने और जरूरी सामान को सुरक्षित करने की चुनौती बनी हुई है। राहत शिविरों में दवाइयों का वितरण शुरू बाढ़ राहत शिविरों में रह रहे लोगों को संक्रमण से बचाने के लिए प्रशासन ने दवाइयों का वितरण शुरू कर दिया है। इसके साथ ही लोगों को स्वास्थ्य को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। प्रशासन प्रभावित इलाकों में पानी कम होने के बाद पैदा होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर भी नजर रख रहा है। एसडीएम बोले- पानी उबालकर या गर्म करके ही पीएं एसडीएम सदर जनार्दन कुमार ने बताया कि जलभराव वाले इलाकों में पानी उतरने के बाद भी लोगों से पीने के पानी को उबालकर या गर्म करने के बाद ही इस्तेमाल करने की अपील की गई है। इससे दूषित पानी से संक्रमण फैलने का खतरा कम किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि प्रशासन की नजर सरायन नदी के जलस्तर के साथ प्रभावित इलाकों की स्थिति पर लगातार बनी हुई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User