सीतापुर में युवक की हत्या:पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कान-गर्दन पर चोट मिली, चचेरे भाई से हुआ था विवाद
सीतापुर के सिधौली कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मनिकापुर में बुधवार सुबह तालाब किनारे कुंभी में मिले युवक के शव के मामले में गुरुवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने हत्या की पुष्टि की है। डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। रिपोर्ट में सिर पर आठ चोटों के निशान मिलने के साथ कान, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटें दर्ज की गई हैं। हालांकि पोस्टमार्टम में किसी धारदार हथियार से वार किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध चचेरे भाई की तलाश तेज कर दी है। मृतक की पहचान संदीप उर्फ पन्नू (30) पुत्र स्व. बलीराम निवासी मनिकापुर के रूप में हुई थी। बुधवार सुबह उसका शव गांव में तालाब किनारे कुंभी में पड़ा मिला था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। घटनास्थल पर मृतक के सिर पर चोटों के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई गई थी। घटना की सूचना पर एएसपी दक्षिणी दुर्गेश सिंह, सीओ सिधौली वेद प्रकाश श्रीवास्तव, कोतवाली प्रभारी विजयेन्द्र सिंह और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची थी और टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि मंगलवार शाम संदीप ने अपने चचेरे भाई गुड्डू के साथ शराब पी थी। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद से पुलिस की जांच गुड्डू के आसपास केंद्रित है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश और तेज कर दी है। बताया जाता है कि वारदात के दौरान संदीप की मां रामदेवी मायके मंझिगवां हरदोई गई हुई थी, जबकि उसका भाई विवेक गुजरात में मजदूरी करता है। घटना के समय संदीप घर पर अकेला था। घर के बाहर चारपाई भी पड़ी मिली थी। संदीप की शादी करीब पांच वर्ष पहले हुई थी, लेकिन करीब एक वर्ष पूर्व उसका पत्नी राजेश्वरी से तलाक हो गया था। उसकी एक बेटी माही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)