सिटी स्टेशन रोड बनी तालाब, थमी वाहनों की रफ्तार:स्टेशन के सामने घुटनों तक पानी, हजारों वाहनों और यात्रियों को परेशानी, जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल
बरेली में शुक्रवार से हो रही मूसलाधार बारिश का असर शनिवार सुबह सिटी स्टेशन रोड पर साफ दिखाई दिया। सिटी स्टेशन के सामने सड़क पर काफी मात्रा में पानी भर गया। सड़क पर जलभराव इतना ज्यादा रहा कि राहगीरों और वाहन चालकों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। कई जगह सड़क तालाब जैसी नजर आई। हजारों वाहन और यात्रियों की आवाजाही
सिटी स्टेशन रोड शहर की प्रमुख सड़कों में शामिल है। यह दिल्ली-लखनऊ हाईवे से जुड़ा महत्वपूर्ण मार्ग है और रोजाना बड़ी संख्या में वाहन यहां से गुजरते हैं। इसके अलावा सिटी स्टेशन होने की वजह से यात्रियों की भी लगातार आवाजाही रहती है। ऐसे में सड़क पर जलभराव होने से यातायात प्रभावित हुआ और स्टेशन आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी हुई। बारिश होते ही सामने आती है समस्या
स्थानीय लोगों का कहना है कि सिटी स्टेशन के सामने जलभराव की समस्या नई नहीं है। बारिश तेज होते ही सड़क पर पानी जमा होने लगता है। पानी की निकासी जल्दी नहीं होने के कारण कई घंटे तक सड़क पर जलभराव बना रहता है। इससे दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। गलियों और घरों तक पहुंचा पानी
सिटी स्टेशन के सामने जलनिकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पानी आसपास की गलियों में भी पहुंच जाता है। कुछ स्थानों पर लोगों को घरों के सामने जमा पानी से होकर निकलना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्थायी जलनिकासी व्यवस्था होने पर हर बारिश में बनने वाली इस स्थिति से राहत मिल सकती है। आज अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार 26 सितंबर को बरेली समेत तराई के कई जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। लगातार बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों में जलभराव का खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग ने तेज हवाओं के साथ कुछ स्थानों पर अत्यधिक बारिश और आकस्मिक बाढ़ का जोखिम भी जताया है। कक्षा 1 से 12 तक के स्कूल बंद
बारिश और मौसम अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने शनिवार को बरेली जिले में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया है। यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई समेत सभी बोर्ड के विद्यालयों पर यह आदेश लागू रहेगा। 23 डिग्री तक पहुंच सकता है दिन का तापमान
लगातार बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट आई है। शनिवार को बरेली में अधिकतम तापमान करीब 23 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। रविवार को भी बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। सोमवार से मौसम में कुछ सुधार होने की संभावना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)