SN OPD में उमड़ी भीड़, लगी लंबी लाइन:घंटों इंतजार के बाद मिल रहा परामर्श, मरीज बोले हमारी हालत खराब हो गई

Oct 12, 2026 - 14:12
0
SN OPD में उमड़ी भीड़, लगी लंबी लाइन:घंटों इंतजार के बाद मिल रहा परामर्श, मरीज बोले हमारी हालत खराब हो गई
एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में सोमवार को मरीजों की भारी भीड़ रही। यहां करीब 3500 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। इनमें सबसे ज्यादा भीड़ जनरल मेडिसिन, हड्डी रोग (ऑर्थोपेडिक्स) और त्वचा रोग विभाग में रही। मरीजों को इलाज के लिए पहले पर्चा बनवाने की लाइन में लगना पड़ा, फिर डॉक्टर से परामर्श लेने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। इसके बाद दवाइयां लेने के लिए भी कतार में लगना पड़ा। इस पूरी प्रक्रिया में मरीजों के 2 से 3 घंटे तक लग गए। सुबह अस्पताल पहुंचे मरीजों को घंटों इंतजार के बाद कुछ मिनट का ही चिकित्सकीय परामर्श मिल सका। लंबी कतारों के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। खासकर गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों के लिए घंटों खड़े रहना मुश्किल रहा। बोदला से आईं मीना ने बताया कि वह सुबह 8 बजे अस्पताल पहुंच गई थीं, लेकिन सुबह 11 बजे तक उन्हें डॉक्टर से परामर्श मिल सका। उन्होंने कहा कि पर्चा बनवाने में ही काफी समय लग गया। अब वह दवाइयों के लिए लाइन में लगने जा रही हैं। मीना ने बताया कि वह दिल की मरीज हैं। ऐसे में इतने लंबे समय तक इंतजार करने में उन्हें काफी परेशानी हुई। उनका कहना था कि इलाज के लिए अस्पताल आने पर इतनी देर तक इंतजार करना मुश्किल हो जाता है। वहीं, संजय प्लेस से सुशील आए एक मरीज ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यहां मरीजों को पहले पर्चा बनवाने के लिए लंबी लाइन में लगना पड़ता है। इस दौरान कर्मचारियों का व्यवहार भी ठीक नहीं रहता। इसके बाद डॉक्टर को दिखाने के लिए फिर से कतार में लगना पड़ता है। उन्होंने कहा कि मरीज पहले से ही बीमारी से परेशान होते हैं, ऐसे में घंटों इंतजार करने से उनकी हालत और बिगड़ सकती है। अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए व्यवस्थाओं में सुधार करने की जरूरत है, ताकि उन्हें समय पर इलाज मिल सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User