संभल में तेंदुए की आहट से ग्रामीणों में चिंता:कई इलाकों में निगरानी तेज, पिंजरा लगाकर पकड़ने की तैयारी
संभल में गुन्नौर तहसील के ग्रामीण इलाकों में करीब एक माह से तेंदुए की आहट ने लोगों की चिंता बढ़ा रखी है। कभी असदपुर, कभी ईसमपुर और दिल्लीपुर में तेंदुआ देखे जाने की सूचना के बाद अब पिछले चार-पांच दिनों से गंगावास, फरीदपुर और मीरमपुर क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधि की जानकारी सामने आ रही है। ग्रामीणों से लगातार मिल रही सूचनाओं के बाद वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है और तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। शनिवार शाम करीब 4 बजे वन विभाग ने मीरमपुर और फरीदपुर के बीच लगाया गया पिंजरा गंगावास की ओर स्थानांतरित कर दिया। गंगावास में तेंदुआ देखे जाने की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने ग्राम प्रधान से जानकारी ली। इसके बाद गंगावास बांध के किनारे पिंजरा लगाया गया। वन विभाग की दो टीमें दिन-रात क्षेत्र में निगरानी कर रही हैं।
वन क्षेत्राधिकारी बृजमोहन ने बताया कि ग्रामीणों से तेंदुआ दिखाई देने की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंचती है। वहां मिले साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाया जाता है कि तेंदुए की मौजूदगी थी या कोई दूसरा जंगली जानवर आया था। सूचना के आधार पर पिंजरे का स्थान भी बदला जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभी तक क्षेत्र में एक ही तेंदुए की मौजूदगी की जानकारी मिल रही है। यदि दो या उससे अधिक तेंदुए होते तो अलग-अलग गांवों से लगातार सूचनाएं मिलतीं। पहले ईसमपुर और दिल्लीपुर से तेंदुआ देखे जाने की खबरें आई थीं, लेकिन फिलहाल इन गांवों से कोई सूचना नहीं मिल रही है। पिछले कुछ दिनों से गंगावास, फरीदपुर और मीरमपुर क्षेत्र से ही तेंदुए की सूचना मिल रही है। वन विभाग की ओर से ग्रामीणों को तेंदुए से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है। गांवों में पंपलेट चस्पा और वितरित कर लोगों को रात में अकेले खेतों की ओर न जाने की सलाह दी गई है। जरूरी होने पर समूह में टॉर्च और लाठी-डंडे लेकर निकलने और रात में मवेशियों को घर के अंदर रखने को कहा गया है। वन क्षेत्राधिकारी बृजमोहन ने ग्रामीणों से अपील की कि तेंदुआ दिखाई देने पर घबराएं नहीं और उसके पीछे जाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)