सोनभद्र पुलिस ने गांधी-शास्त्री जयंती पर लिया संकल्प:एसपी ने सत्यनिष्ठा और सेवा भावना से काम करने की शपथ दिलाई
सोनभद्र मे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को सोनभद्र पुलिस ने दोनों महापुरुषों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। पुलिस लाइन परिसर में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण व पुष्पार्चन कर उन्हें सलामी दी। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन का नेतृत्व किया और पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा बने। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री ने ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश देकर देश की सेवा और सादगीपूर्ण नेतृत्व का उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों के आदर्श आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। एसपी ने पुलिसकर्मियों से सत्यनिष्ठा, अनुशासन और सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को राष्ट्र प्रथम की भावना को अपने कार्य और व्यवहार में उतारना चाहिए। मानवता, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ जरूरतमंदों की मदद करना ही दोनों महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल ने भी पुलिस लाइन परिसर में दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम के बाद फालोवर और सफाईकर्मियों को कंबल वितरित किए गए। इसी क्रम में जिले के सभी क्षेत्राधिकारियों ने संबंधित थानों में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण किया। जिले के सभी थानों और पुलिस चौकियों में पुलिसकर्मियों ने दोनों महापुरुषों को नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान सत्य, अहिंसा, सादगी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को पुलिस कार्यप्रणाली में अपनाने पर जोर दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)