सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर सियासी हमला:भाजपा विधायक रामचंद्र यादव बोल, रूदौली विधानसभा क्षेत्र चुनाव लड़ें अखिलेश यादव, जमानत होगी जब्त
अयोध्या जिले के विकासखंड रुदौली परिसर में आयोजित सेवा सेतु कार्यक्रम के दूसरे दिन शुक्रवार दोपहर बाद कार्यक्रम में पहुंचे विधायक रामचंद्र यादव ने सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वह उत्तर प्रदेश में कहीं से भी चुनाव लड़ लें, लेकिन रुदौली से चुनाव लड़ने पर उनकी जमानत जब्त हो जाएगी। विधायक के इस बयान से कार्यक्रम में राजनीतिक चर्चा तेज हो गई। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित शिविर में विधायक ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान 18 लाभार्थियों को शौचालय के स्वीकृति प्रमाण पत्र और तीन लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। किसानों को मिनीकिट प्रदान करने के साथ बेहतर कार्य करने वाले स्वयं सहायता समूहों को सम्मानित भी किया गया। विधायक रामचंद्र यादव ने पूर्ववर्ती सपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि उस समय बाढ़ प्रभावित लोगों को 35 रुपये का चेक दिया गया था। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार में आपदा प्रभावित परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत सहायता, राशन सामग्री और भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। अखिलेश यादव के धार्मिक स्थलों पर दर्शन को लेकर भी विधायक ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव पहले मां कामाख्या धाम आए थे, लेकिन देवी के दर्शन नहीं किए। हाल ही में अयोध्या आने के बावजूद उन्होंने प्रभु श्रीराम के दर्शन नहीं किए। विधायक ने सपा नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र किया। शिविर में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, आंगनबाड़ी, पंचायत राज, समाज कल्याण और ग्राम्य विकास विभाग के स्टॉल लगाए गए हैं। यहां ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभ लेने की जानकारी दी जा रही है। कार्यक्रम आठ से 14 अक्टूबर तक रुदौली और मवई विकासखंड में आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर बीडीओ रुदौली अखिलेश कुमार गुप्ता, बीडीओ मवई एके मिश्रा, एडीओ आईएसबी आशीष तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और अन्य लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)