सपा विधायक का UCC पर राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग:संभल में बोली- राष्ट्रपति देशहित के लिए आगे आए, प्रोटेस्ट की परमिशन न देना सरकार की बौखलाहट
संभल में समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर शनिवार शाम असमोली की सपा विधायक पिंकी यादव ने गुजरात में समान नागरिक संहिता (UCC) को कानून बनाने के लिए राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि देशहित में राष्ट्रपति को आगे आना चाहिए और देश में फैल रही अराजकता व सामाजिक वैमनस्यता पर कड़ा संज्ञान लेना चाहिए। विधायक पिंकी यादव ने कहा कि देश का युवा, खासकर Gen-Z, अपने लोकतांत्रिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक है। जब मताधिकार की पारदर्शिता पर सवाल उठते हैं तो युवाओं का विरोध दर्ज कराना स्वाभाविक है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि यदि युवा या नागरिक शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करना चाहते हैं और उन्हें अनुमति नहीं दी जाती है तो यह सरकार के भीतर डर और बौखलाहट को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि युवा केवल अपने अधिकारों और पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं। यदि मतदान प्रक्रिया में किसी तरह की गड़बड़ी या भ्रष्टाचार है तो सरकार को जवाब देना चाहिए। पिंकी यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन इस मुद्दे को सुप्रीम कोर्ट के संज्ञान में लाने के साथ संसद के दोनों सदनों में मजबूती से उठाएगा। उन्होंने चुनाव आयोग की जवाबदेही तय करने के लिए महाभियोग जैसे संवैधानिक कदम की दिशा में बात रखने की भी बात कही। पिंकी यादव ने कहा कि केवल कानून या गजट जारी करना ही पर्याप्त नहीं है। देश के समग्र हालात को देखना भी जरूरी है। उन्होंने राष्ट्रपति से अपील करते हुए कहा कि देश में अराजकता और सामाजिक वैमनस्यता की स्थिति पर अंकुश लगना चाहिए। संविधान के दायरे में सभी के लिए कानून का पालन सुनिश्चित कराया जाए। संविधान की रक्षा के लिए आवश्यकता पड़ने पर राष्ट्रपति को देशहित में हस्तक्षेप करना चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)