सपा विधायक रागिनी समेत 3 के खिलाफ गैर जमानती वारंट:आचार संहिता और कोविड नियमों के उल्लंघन का मामला, कोर्ट में पेश न होने पर कार्रवाई
जौनपुर में एमपी-एमएलए कोर्ट ने सपा विधायक डॉ. रागिनी सोनकर समेत 3 आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। कोर्ट ने व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के आदेश के बावजूद गैरहाजिर रहने पर यह कार्रवाई की गई। मामला विधानसभा चुनाव-2022 के दौरान आचार संहिता और कोविड-19 गाइडलाइंस के उल्लंघन से जुड़ा है। वहीं विधायक डॉ रागिनी सोनकर ने खबर को भ्रामक बताया है। चुनावी जुलूस निकालने और रास्ता बाधित करने का आरोप 17 फरवरी 2022 को मछलीशहर थाने में तत्कालीन सपा प्रत्याशी डॉ. रागिनी सोनकर, सरवर राईन, मोहम्मद मुस्ताक, राजेश यादव, कैलाश सोनकर और 100 से 125 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोप है कि चुनाव के दौरान शाम करीब 5:55 बजे सपा प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ कई वाहनों और पैदल जुलूस की शक्ल में चुंगी चौराहे से सब्जी मंडी तिराहे की ओर बढ़ीं। उस समय पुलिस टीम कस्बे में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौजूद थी। झंडे-बैनर के साथ जुलूस निकालने का आरोप पुलिस के मुताबिक, जुलूस में झंडे और बैनर लहराए जा रहे थे। इससे आवागमन बाधित हुआ। आरोप है कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों और कोविड-19 के नियमों का पालन करने के लिए समझाने के बावजूद आचार संहिता और कोविड गाइडलाइंस का उल्लंघन किया गया। गवाहों के बयान दर्ज, आरोपियों के बयान होने थे पुलिस ने विवेचना पूरी कर आरोप पत्र अदालत में प्रस्तुत किया था। सुनवाई के दौरान गवाहों के बयान दर्ज किए गए। इसके बाद अदालत ने आरोपियों के बयान दर्ज करने के लिए तारीख तय की और सभी को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का आदेश दिया। शनिवार को सुनवाई के दौरान सरवर राईन और मोहम्मद मुस्ताक अदालत में उपस्थित हुए। वहीं, डॉ. रागिनी सोनकर और कैलाश सोनकर की ओर से पेशी से छूट का प्रार्थना पत्र दिया गया। इसमें विधानसभा की बैठक के सिलसिले में लखनऊ जाने के कारण उपस्थित नहीं हो पाने की बात कही गई। अदालत ने प्रार्थना पत्र खारिज कर गैर जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया। विधायक बोलीं- खबर भ्रामक फैलाई जा रही डॉ. रागिनी सोनकर ने कहा कि यह 2022 का मामला है। उनके अधिवक्ता लगातार तारीखों पर उपस्थित होकर कानूनी कार्रवाई में हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने कहा अगली तारीख 22 अक्टूबर को है और वह इस संबंध में अपने अधिवक्ता से बात कर रही हैं। विधायक ने खबर को भ्रामक बताते हुए कहा कि इसे उन्हें गुमराह करने के लिए चलाया जा रहा है। -------------------------- ये खबर भी पढ़ेंः- ग्रेटर नोएडा-घर में परिवार के 5 लोगों की लाशें मिलीं:इनमें पति-पत्नी और 3 बच्चे, बिस्तर पर बच्चों से लिपटे मिले; परिवार में प्रापर्टी विवाद था उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक परिवार के 5 लोगों की लाश घर में मिली है। इनमें पति-पत्नी और 3 बच्चे हैं। लाशें घर में बिस्तर पर मिलीं। शनिवार सुबह काफी देर तक परिवार नहीं उठा तो पड़ोसियों को शक हुआ। लोग पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से देखा तो पांचों बिस्तर पर दिखाई दिए। एक के मुंह से झाग निकल रहा था। पुलिस को सूचना दी। पुलिस घर में घुसी तो देखा कि चारपाई पर पिता की बेटे से लिपटी लाश थी। दूसरे बेड पर मां, छोटा बेटा और बेटी की लाश थी। मां बेटे से लिपटी थीं। पूरी खबर पढ़ें…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)