SRNH में तीमारदारों की बंधक बनाकर पिटाई:वादी बोला- डॉक्टरों ने आईफोन-चेन छीनी, पत्नी को पुलिस के सामने लात मारी

Oct 24, 2026 - 02:32
0
SRNH में तीमारदारों की बंधक बनाकर पिटाई:वादी बोला- डॉक्टरों ने आईफोन-चेन छीनी, पत्नी को पुलिस के सामने लात मारी
प्रयागराज के स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल के ट्रामा सेंटर में मरीज का इलाज कराने पहुंचे तीमारदार और उसके ड्राइवर को कमरे में बंद कर पिटाई की गई। आरोप है कि मरीज के इलाज की गुहार लगाने पर पहले अभद्रता की गई, फिर कई लोगों ने दोनों को दूसरे कमरे में घसीटकर पीटा। गला दबाने के साथ आई फोन- सोने की जंजीर छीन ली गई। थाने में पुलिस के सामने पत्नी के पेट में लात भी मारी गई। कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इलाज की गुहार लगाने पर शुरू हुई कहासुनी अल्लापुर के रहने वाले सर्वेश शुक्ला के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब सात बजे वह अपने चालक कृष्ण कुमार केसरवानी के साथ नर बहादुर नामक व्यक्ति को लेकर एसआरएन अस्पताल पहुंचे थे। मरीज की हालत गंभीर थी और वे उसका इलाज कराना चाहते थे। अस्पताल के सुरक्षा गार्ड ने उन्हें ट्रामा सेंटर स्थित एक कमरे में जाने को कहा। वहां चश्मा और मास्क लगाए एक डॉक्टर बैठे थे। सर्वेश का कहना है कि चालक ने डॉक्टर से मरीज का इलाज करने की गुहार लगाई तो उन्होंने इन्कार करते हुए अभद्रता शुरू कर दी। चालक मरीज की गंभीर हालत का हवाला देता रहा, लेकिन उसकी बात नहीं सुनी गई। सर्वेश ने भी डॉक्टर से इलाज करने के लिए कहा तो वह और उग्र हो गए। 20-25 लोग दूसरे कमरे में घसीट ले गए सर्वेश के मुताबिक, इसी बीच 10-15 डॉक्टर वहां पहुंच गए और मारपीट शुरू कर दी। कुछ ही देर में करीब 15 अन्य लोग भी आ गए। इसके बाद उन्हें और उनके चालक को घसीटकर दूसरे कमरे में ले जाया गया, जहां दोनों की बेरहमी से पिटाई की गई। सर्वेश ने आरोप लगाया कि मारपीट करने वालों में दो महिला डॉक्टर भी थीं, जो अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रही थीं। एक डॉक्टर ने उनका गला दबा दिया। इस दौरान उनका मोबाइल और गले की जंजीर भी छीन ली गई। पुलिसकर्मी के आने पर बची जान पीड़ित के अनुसार, कमरे में बंद कर पिटाई किए जाने के दौरान किसी ने दरवाजा खटखटाया तो वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। दरवाजा खुलने पर एक व्यक्ति अंदर आया और उसने सर्वेश को पानी पिलाया। इसके बाद उनकी हालत कुछ संभली। सर्वेश ने बताया कि वह व्यक्ति पुलिसकर्मी था। उसकी मदद से वह पास की पुलिस चौकी पहुंचे। थाने में पहले से मौजूद था सर्वेश ने अपनी तहरीर में पत्नी प्रीति के साथ मारपीट का भी जिक्र किया है। उनके मुताबिक, पुलिस थाने पहुंचने के बाद उन्होंने फोन करके पत्नी को पूरी घटना बताई। जानकारी मिलने पर वह पहुंचीं। उस समय चश्मा और मास्क लगाए वह व्यक्ति भी मौजूद था, जिसने कथित तौर पर पहले उनके साथ अभद्रता की थी। सर्वेश का आरोप है कि उस व्यक्ति ने पुलिसकर्मियों के सामने ही उनकी पत्नी के पेट में लात मार दी, जिससे उन्हें चोट आई। पीड़ित ने पूरे घटनाक्रम की शिकायत कोतवाली पुलिस से की है। कोतवाली इंस्पेक्टर सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले से जुड़े सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User