सुल्तानपुर एसपी ने रावण दहन स्थल का किया निरीक्षण:100 से ज्यादा पंडालों में स्थापित हुईं मां दुर्गा की प्रतिमाएं, राहुल चौराहे के पास 50 मीटर में 5 पंडाल
सुल्तानपुर में ऐतिहासिक दुर्गा पूजा महोत्सव शुरू होने में अब एक दिन शेष है। शहर में 100 से अधिक पूजा पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित कर दी गई हैं। कई पंडालों में पूजन-अर्चन भी शुरू हो गया है। महोत्सव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन अलर्ट है। अधिकारी लगातार बैठकें करने के साथ शहर में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। शनिवार देर रात एसपी विनीत जायसवाल ने कोतवाली नगर क्षेत्र के रावण दहन स्थल का निरीक्षण किया। उनके साथ एएसपी वृजनारायण सिंह और सीओ सिटी राघवेन्द्र सिंह भी मौजूद रहे। एसपी ने कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही तैयारियों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान एसपी ने पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ पैदल गश्त भी की। उन्होंने आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने और शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस व्यवस्था का निरीक्षण किया। त्योहारों पर लगातार गश्त करेगी पुलिस एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि त्योहारों और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है। पुलिस अधिकारी लगातार भ्रमण कर रहे हैं। आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जा रहे हैं। पुलिस लाइन में एसपी और वामा सारथी अध्यक्ष ने की पूजा इससे पहले शनिवार रात पुलिस लाइन स्थित मंदिर परिसर में स्थापित दुर्गा पूजा पंडाल में एसपी विनीत जायसवाल और वामा सारथी की अध्यक्ष तन्वी जायसवाल ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान मां दुर्गा की प्रतिमा की आंखों पर लगी पट्टी खोली गई। धार्मिक परंपराओं के अनुसार पूजा संपन्न हुई। कार्यक्रम में पुलिस परिवार के अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजन मौजूद रहे। पूरा परिसर श्रद्धा और उत्साह के माहौल में नजर आया। चौराहों पर पास-पास स्थापित की गईं कई प्रतिमाएं दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर शहर के प्रमुख चौराहों और बाजारों में रौनक बढ़ गई है। कई जगहों पर आसपास ही मां दुर्गा की कई प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इससे पूरा इलाका रोशनी से जगमगा रहा है। राहुल चौराहे के पास करीब 50 मीटर की परिधि में मां दुर्गा की पांच प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इसी तरह चौक क्षेत्र में लगभग 200 मीटर के दायरे में 14 प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। महोत्सव को लेकर शहर में धार्मिक उत्साह का माहौल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)