सुल्तानपुर में टाइल्स लगाने वाले मजदूर की मौत:परिजनों ने अंतिम संस्कार से किया इनकार, सीओ के आश्वासन पर माने
सुल्तानपुर में बसायतपुर गांव निवासी टाइल्स मिस्त्री इंद्राज (35) की लखनऊ में इलाज के दौरान बुधवार रात मौत हो गई। गुरुवार सुबह शव गांव पहुंचने पर परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। परिजनों ने युवक के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाते हुए नामजद व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे। गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे सीओ सुनील कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार, 25 सितंबर को इंद्राज पुरुषोत्तमपुर गांव के दो युवकों के साथ कहीं गए थे। इसी दौरान मुक्ता बाबा अलावलपुर के पास उनके घायल होने की सूचना मिली। परिजन उन्हें सीएचसी जयसिंहपुर लेकर पहुंचे, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया। वहां करीब पांच दिन तक इलाज चलने के बाद बुधवार रात इंद्राज की मौत हो गई।
गुरुवार सुबह शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। सूचना पर कोतवाली प्रभारी विवेक कुमार राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। परिजन नामजद व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, गिरफ्तारी और पोस्टमार्टम कराने की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद सीओ सुनील कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। मृतक के पिता राम जियावन ने आरोप लगाया कि गांव का ही एक व्यक्ति उनके बेटे को अपने साथ ले गया था। वहां उसके साथ मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि घटना के संबंध में पुलिस को तहरीर देने के बावजूद समय से कार्रवाई नहीं की गई। कोतवाली प्रभारी विवेक कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीड़ित पक्ष से तहरीर प्राप्त कर ली गई है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इंद्राज दो भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी मौत से पत्नी गुड़िया, दो बेटियों, एक बेटे और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। मृतक के घर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)