स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में STEMI-IICU वार्ड शुरू:हार्ट अटैक मरीजों को अब समय पर मिलेगा इलाज, मरीजों को जिले के बाहर नहीं जाना होगा
कानपुर देहात में हृदय रोगियों के इलाज को लेकर स्वास्थ्य सेवाओं में एक नई सुविधा जुड़ी है। अकबरपुर स्थित स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध जिला चिकित्सालय के नवीन भवन में STEMI ICU वार्ड शुरू किया गया है। बुधवार शाम 3 बजे डीएम कपिल सिंह ने मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल और मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अमरीश कुमार गुप्ता की मौजूदगी में वार्ड का शुभारंभ किया। नवीन भवन के तीसरे तल पर बनाए गए इस वार्ड का उद्देश्य हार्ट अटैक के मरीजों को शुरुआती समय में ही जरूरी जांच और उपचार उपलब्ध कराना है। उद्घाटन के बाद जिलाधिकारी ने वार्ड का निरीक्षण किया और वहां मौजूद चिकित्सा उपकरणों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों से वार्ड की कार्यप्रणाली के बारे में भी जानकारी ली। मेडिकल कॉलेज प्रशासन के मुताबिक, हार्ट अटैक के मरीजों की पहचान के लिए यहां ECG समेत जरूरी जांच की व्यवस्था रहेगी। मरीज की स्थिति के अनुसार प्राथमिक उपचार के साथ रीपरफ्यूजन थेरेपी भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें Primary PCI या Thrombolysis जैसी उपचार प्रक्रिया शामिल है। चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में मिलेगी मदद स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि हार्ट अटैक के मामलों में इलाज शुरू होने में लगने वाला समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में जिले में STEMI ICU की सुविधा शुरू होने से मरीजों को शुरुआती स्तर पर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। अब तक गंभीर हृदय रोगियों को बेहतर उपचार के लिए दूसरे बड़े चिकित्सा संस्थानों की ओर रेफर करना पड़ सकता था। मेडिकल कॉलेज प्रशासन के अनुसार, नई सुविधा से स्थानीय स्तर पर हृदय रोग उपचार की क्षमता बढ़ेगी और मरीजों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। जिलाधिकारी कपिल सिंह ने वार्ड का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने और मरीजों को समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)