तालाब की जमीन पर बने 10 से ज्यादा मकान ढहाए:गोंडा में 2 घंटे चला बुलडोजर, हाईकोर्ट के निर्देश के बाद शाम 5 से 7 बजे तक हुई कार्रवाई
गोंडा की सदर तहसील क्षेत्र के भटपी गांव में सोमवार शाम प्रशासन ने सरकारी तालाब की जमीन से अवैध कब्जा हटाने के लिए बुलडोजर चलाया। शाम 5 बजे से 7 बजे तक चली कार्रवाई में तालाब की जमीन पर बने 10 से अधिक मकानों को ढहा दिया गया। प्रशासन के मुताबिक, कब्जा हटाने के बाद जमीन ग्राम पंचायत के सुपुर्द कर दी गई है। प्रशासन के अनुसार, भटपी गांव में गाटा संख्या 1367 राजस्व अभिलेखों में तालाब के नाम दर्ज है। आरोप है कि कई लोगों ने इस जमीन पर कब्जा कर मकान और अन्य निर्माण कर लिए थे। सदर तहसील प्रशासन की ओर से कब्जा हटाने के लिए कई बार नोटिस दिए गए, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया गया। हाईकोर्ट में याचिका के बाद हुई कार्रवाई गांव के निवासी इमामुद्दीन ने तालाब की जमीन पर कब्जे के मामले में लखनऊ हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। बताया गया कि अदालत ने जिला प्रशासन को मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। आरोप है कि कार्रवाई नहीं होने पर इमामुद्दीन ने दोबारा अवमानना संबंधी शिकायत की। इसके बाद प्रशासन ने सोमवार को मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। पुलिस बल की मौजूदगी में चला बुलडोजर कार्रवाई के दौरान सदर तहसील के अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। नायब तहसीलदार जयशंकर सिंह के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। बुलडोजर की मदद से तालाब की जमीन पर बने मकानों और अन्य निर्माणों को हटाया गया। दोबारा कब्जा करने पर कार्रवाई की चेतावनी सदर तहसीलदार मनीष कुमार ने बताया कि तालाब की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर मकान और अन्य निर्माण किए गए थे। कार्रवाई के बाद जमीन ग्राम पंचायत के सुपुर्द कर दी गई है। कब्जा करने वाले लोगों को तोड़े गए निर्माण का मलबा हटाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकारी जमीन पर दोबारा कब्जा करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)