तीन खिलाड़ियों ने कराटे चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीते:मुंबई से लौटे खिलाड़ियों का चन्दौसी में ढोल-नगाड़ों से स्वागत, जिले का नाम किया रोशन

Oct 01, 2026 - 12:43
0
तीन खिलाड़ियों ने कराटे चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीते:मुंबई से लौटे खिलाड़ियों का चन्दौसी में ढोल-नगाड़ों से स्वागत, जिले का नाम किया रोशन
मुंबई में आयोजित प्रथम इंडो-नेपाल-श्रीलंका ओपन कराटे चैंपियनशिप-2026 में सम्भल की तहसील चंदौसी के तीन युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। युद्ध कला केंद्र अकादमी, चंदौसी के प्रियांशु कोहली, अर्जुन यादव और शिवी गौतम ने प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। गुरुवार सुबह 11 बजे चंदौसी लौटने पर तीनों खिलाड़ियों का ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया गया। मुंबई में आयोजित चैंपियनशिप में 27 सितंबर को हुए कड़े मुकाबलों में तीनों खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। दिनभर चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। अलग-अलग वर्गों में हुए मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रियांशु कोहली, अर्जुन यादव और शिवी गौतम ने अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किए। तीनों खिलाड़ी 25 सितंबर को चंदौसी से मुंबई के लिए रवाना हुए थे। प्रतियोगिता में उन्हें विभिन्न वर्गों के प्रतिभागियों से कड़ी चुनौती मिली, लेकिन खिलाड़ियों ने अपनी तकनीक और अभ्यास के दम पर मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया। स्वर्ण पदक जीतने वाली शिवी गौतम संभल जिले के ग्राम असालतपुर जारई की रहने वाली हैं। उनकी इस सफलता से गांव और क्षेत्र के लोगों में भी खुशी का माहौल है। वहीं प्रियांशु कोहली और अर्जुन यादव की उपलब्धि से उनके परिजनों में भी उत्साह है। तीनों खिलाड़ियों की सफलता में युद्ध कला केंद्र अकादमी के मुख्य कोच मास्टर बादल के प्रशिक्षण और मार्गदर्शन की अहम भूमिका रही। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए नियमित अभ्यास कराया और मुकाबलों के लिए तैयार किया। गुरुवार सुबह 11 बजे मुंबई से चंदौसी लौटने पर खिलाड़ियों के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में परिजन, स्थानीय लोग और खेल प्रेमी मौजूद रहे। ढोल-नगाड़ों के बीच खिलाड़ियों को फूल-मालाएं पहनाई गईं और मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया गया। तीनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से चंदौसी और संभल जिले में खुशी का माहौल है। अकादमी में भी खिलाड़ियों की सफलता पर जश्न मनाया गया। लोगों ने तीनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User