ट्रॉमा सेंटर में 24 साल के युवक की मौत, हंगामा:इलाज में लापरवाही का आरोप, डॉक्टरों ने मारपीट का आरोप लगाकर दिया धरना
फिरोजाबाद के मेडिकल कॉलेज के सरकारी ट्रॉमा सेंटर में बुधवार शाम पेट दर्द की शिकायत लेकर पहुंचे युवक की इलाज के दौरान रात 11 बजे मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। वहीं डॉक्टरों ने भी तीमारदारों पर मारपीट करने का आरोप लगाया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। रात पौने 12 बजे तक भी हंगामा होता रहा। सविता नगर निवासी मोहन शर्मा (24) की बुधवार शाम करीब छह बजे पेट में दर्द की शिकायत पर परिजनों के साथ सरकारी ट्रॉमा सेंटर पहुंचे थे। परिजनों के मुताबिक, उपचार के दौरान उनकी हालत बिगड़ गई और कुछ देर बाद मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। विवाद के बीच डॉक्टरों ने भी तीमारदारों पर मारपीट का आरोप लगाया। इसके बाद डॉक्टर इमरजेंसी के बाहर सड़क पर धरने पर बैठ गए। दूसरी ओर मृतक के परिजन भी ट्रॉमा सेंटर के बाहर धरने पर बैठ गए। दोनों पक्षों के धरने से अस्पताल परिसर में अफरातफरी की स्थिति बन गई।
हंगामे की सूचना पर एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पांच स्थानों का पुलिस फोर्स भी ट्रॉमा सेंटर पर तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारी दोनों पक्षों को समझाने और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हैं। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाने के साथ ही डॉक्टर और तीमारदारों के बीच हुए विवाद की पड़ताल शुरू कर दी है। युवक की मौत की वास्तविक वजह और इलाज में किसी स्तर पर लापरवाही हुई या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)