ट्रेन में यात्रियों के मोबाइल चुराते थे, 3 गिरफ्तार:कानपुर सेंट्रल के आउटर पर बनाते थे निशाना, 2 लाख के 3 मोबाइल बरामद
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के आउटर पर ट्रेन धीमी होते ही यात्रियों के मोबाइल और सामान चोरी करने वाले 3 आरोपियों को जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी के 3 मोबाइल बरामद हुए हैं, जिनकी कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई गई है। जीआरपी ने रविवार सुबह हैरिसगंज पुल के पार टाटमिल जाने वाले कच्चे रास्ते पर रेलवे ट्रैक किनारे चेकिंग के दौरान तीनों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शादाब खान उर्फ साहिल, अरबाज और मोहम्मद आसिफ उर्फ ब्रावो के रूप में हुई है। तीनों बाबूपुरवा की सफेद कॉलोनी के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ट्रेन धीमी होने पर खिड़की और दरवाजे के पास बैठे यात्रियों को निशाना बनाते थे। पुलिस ने कागजी कार्रवाई के बाद रविवार शाम करीब 6:30 बजे तीनों को जेल भेज दिया। आउटर पर ट्रेन धीमी होते ही करते थे चोरी जीआरपी के मुताबिक, आरोपी रेलवे स्टेशन के आउटर पर छिपकर ट्रेन के धीमे होने का इंतजार करते थे। इसके बाद खिड़की और दरवाजे के पास बैठे यात्रियों के मोबाइल और दूसरे सामान चोरी कर लेते थे। कुछ मामलों में छिनैती भी करते थे। तीनों के खिलाफ पहले से दर्ज हैं मुकदमे जीआरपी प्रभारी ओमनारायण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, शादाब खान और अरबाज के खिलाफ चोरी के दो-दो मामले दर्ज हैं, जबकि मोहम्मद आसिफ उर्फ ब्रावो के खिलाफ चोरी का एक मामला दर्ज है। पुलिस बरामद मोबाइलों के संबंध में जांच कर रही है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)