त्योहारों से पहले सड़कों को दुरुस्त करने का दावा:महापौर ने बजरी हटाने के दिए निर्देश, लापरवाही पर तय होगी अधिकारियों की जवाबदेही

Sep 29, 2026 - 19:18
0
त्योहारों से पहले सड़कों को दुरुस्त करने का दावा:महापौर ने बजरी हटाने के दिए निर्देश, लापरवाही पर तय होगी अधिकारियों की जवाबदेही
कानपुर में बारिश के बाद सड़कों पर जमा बजरी और जर्जर सड़कों से होने वाले हादसों को रोकने के लिए नगर निगम ने कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें मुख्य मार्गों से बजरी हटाने और त्योहारों से पहले शहर की प्रमुख सड़कों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। महापौर ने कहा कि सड़कों पर पड़ी बजरी से खासकर दोपहिया वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है। इसे तत्काल हटाया जाए, ताकि लोगों को सुविधा मिल सके। सड़कों को दुरुस्त करने के निर्देश बैठक में महापौर ने सभी जोनल स्वच्छता अधिकारियों से उनके क्षेत्रों में बजरी जमा होने वाले स्थानों और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिकता के आधार पर मुख्य मार्गों की सफाई कराकर बजरी हटाई जा रही है। इसके साथ ही सीएम ग्रिड योजना और अन्य विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। महापौर ने सड़कों को जल्द दुरुस्त कराने और आगामी त्योहारों से पहले प्रमुख सड़कों को आवागमन योग्य बनाने के निर्देश दिए। लापरवाही पर तय होगी अधिकारियों की जिम्मेदारी नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने अधिकारियों को सड़क सुरक्षा, स्वच्छता और जल निकासी से जुड़े कार्य प्राथमिकता पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों में लापरवाही या अनावश्यक देरी मिलने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। बैठक में 157 घंटे के विशेष स्वच्छता अभियान और 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को अभियान को प्रभावी बनाने और सफाई व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए गए। मकड़ीखेड़ा और पांडु नदी के प्रभावित क्षेत्रों पर फोकस बैठक में शहर के जलभराव और जल निकासी की समस्या पर भी चर्चा हुई। विशेष रूप से मकड़ीखेड़ा और पांडु नदी से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा की गई। मकड़ीखेड़ा में स्थापित वाटर शंकर पंप की कार्यशीलता की जानकारी लेकर जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं, पांडु नदी से प्रभावित और बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में जनसुविधाओं की उपलब्धता और जरूरी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने को कहा गया। बाढ़ प्रभावित इलाके के लोगों की सुनी समस्याएं महापौर प्रमिला पांडेय बाढ़ से प्रभावित जरौली और सुंदर नगर इलाकों में पहुंचीं। वहां उन्होंने जलभराव से प्रभावित लोगों की समस्याएं सुनीं। लोगों ने महापौर को बताया कि बाढ़ का पानी घरों में घुसने के कारण उनके पास पहनने और इस्तेमाल करने के लिए कपड़े तक नहीं बचे हैं, जिससे उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User