केमिकल फैक्ट्री में चौकीदार दंपत्ति पर हथौड़े से हमला, लूट:बर्रा में भी दो घरों को बनाया निशाना, तीन आरोपी अरेस्ट, जेल में हुई थी दोस्ती

Sep 29, 2026 - 19:18
0
केमिकल फैक्ट्री में चौकीदार दंपत्ति पर हथौड़े से हमला, लूट:बर्रा में भी दो घरों को बनाया निशाना, तीन आरोपी अरेस्ट, जेल में हुई थी दोस्ती
औद्योगिक क्षेत्र पनकी साइड नंबर-एक में सोमवार देर रात केमिकल फैक्ट्री में घुसकर चौकीदार दंपत्ति को हथौड़े से पीटकर मरणासन्न करके लूटपाट करने वाले तीन आरोपियों को गोविंद नगर और बर्रा पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान नौबस्ता के मछरिया निवासी फैसल, मूलरूप से शाहजहांपुर के जलालाबाद निवासी और वर्तमान में गोविंद नगर के नौरैयाखेड़ा में रहने वाला दीपक गुप्ता और औरैया के दिबियापुर निवासी विशाल अवस्थी के रूप में हुई है। आरोपियों ने फैक्ट्री में वारदात को अंजाम देने के बाद बर्रा स्थित डिफेंस कालोनी के दो घरों में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के पास दंपत्ति से लूटे गए दो मोबाइल, कान के टाप्स, नाक की कील, लैपटाप और एक हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। डिफेंस कालोनी के एक मकान से चोरी किए गए बर्तन भी बरामद किए हैं। 37 साल से फैक्ट्री में काम कर रहे थे दंपत्ति डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि गोविंद नगर के एच-ब्लाक निवासी राजीव वर्मा की पनकी साइट नंबर-एक में सनराइज केमिकल्स के नाम से जिंक क्लोराइड बनाने की फैक्ट्री है। फैक्ट्री में आजमगढ़ निवासी अमरनाथ विश्वकर्मा और उनकी पत्नी कौशल्या करीब 37 वर्ष से रहकर देखरेख करते हैं। सोमवार रात करीब 1:30 बजे अमरनाथ भट्ठी पर काम कर रहे थे, जबकि उनकी पत्नी पहली मंजिल में बने कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान तीनों आरोपी पीछे की दीवार फांद करके फैक्ट्री में दाखिल हुए। आरोपी ने भट्ठी पर काम कर रहे अमरनाथ पर पीछे से हथौड़े से उनके सिर पर हमला कर दिया। मरणासन्न करने के बाद आरोपियों ने उनका मोबाइल निकाल लिया और फिर तीनों पहली मंजिल स्थित कमरे में पहुंच गए, जहां कौशल्या सो रही थीं। उसे जगाकर आरोपियों ने कान के टाप्स, नाक की कील और एक हजार रुपये छीन लिए। विरोध पर उसे भी पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। फैक्ट्री में लगे CCTV तोड़े आरोपियों ने घटना को अंजाम देने से पहले फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरों और डीवीआर को भी तोड़ दिया था। इसके बाद कार्यालय में रखा लैपटाप भी साथ लेकर फरार हो गए। फैक्ट्री में वारदात के बाद तीनों बर्रा स्थित डिफेंस कालोनी पहुंचे। यहां अनिल गुप्ता और ओम नारायण पांडेय के घर में चोरी के इरादे से घुसे। ओम नारायण के घर से बर्तन उठा ले गए, जबकि अनिल के घर में सफल नहीं हो सके। शोर मचाने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी। सक्रिय हुई बर्रा पुलिस ने तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। इधर, गोविंवद नगर पुलिस ने घटना की जानकारी के बाद घायल चौकीदार दंपत्ति को हैलट अस्पताल पहुंचाया, जहां कौशल्या से पूछताछ के बाद हुलिए के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। पीड़िता के बताए हुलिए से बर्रा में पकड़े गए आरोपियों का मिलान होने पर पूछताछ की गई तो तीनों ने चौकीदार दंपत्ति से मारपीट कर लूटपाट की घटना कबूल की। घंटाघर, चकेरी और पनकी में चोरी की फिराक में गए थे डीसीपी के मुताबिक तीन आरोपी शातिर चोर हैं। इनमें फैसल और विशाल अवस्थी पर चोरी के 7-7 मुकदमे, जबकि दीपक गुप्ता पर 5 मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों के खिलाफ बर्रा और गोविंद नगर थाने में तीन मुकदमे दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है। डीसीपी ने बताया कि आरोपियों की दोस्ती जेल में हुई थी। तीनों आरोपी सजायाफ्ता है, जेल से छूटने के बाद तीनों आरोपी सक्रिय हो गए है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी करने से पहले उन्होंने बारादेवी में खाना खाया। फिर घंटाघर, चकेरी और पनकी में भी चोरी का प्रयास किया, लेकिन विफल रहे। इसके बाद उन्होंने पनकी साइड-नंबर एक पर वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों की हिस्ट्रीशीटर खोलने के साथ गैंगस्टर एक्ट की भी कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User