उन्नाव में 48 घंटे की बारिश से जलभराव, रास्ते बंद:पिता-बेटियां घायल, एक्सप्रेस-वे पर 3 फीट पानी भरा; 6 मवेशियों की मौत

Sep 26, 2026 - 15:06
0
उन्नाव में 48 घंटे की बारिश से जलभराव, रास्ते बंद:पिता-बेटियां घायल, एक्सप्रेस-वे पर 3 फीट पानी भरा; 6 मवेशियों की मौत
उन्नाव में पिछले 48 घंटे से लगातार हो रही बारिश ने शनिवार को ग्रामीण इलाकों से लेकर प्रमुख मार्गों तक बारिश का असर दिखाई दिया। अचलगंज क्षेत्र के आटा बंथर गांव में कच्चा घर गिरने से मलबे में दबकर छह मवेशियों की मौत हो गई। वहीं आशा खेड़ा गांव में दीवार गिरने से पिता और उनकी दो बेटियां घायल हो गईं। दूसरी ओर सई नदी का जलस्तर बढ़ने से रसूलपुर बकिया मार्ग पर कई फीट पानी बह रहा है, जिससे रास्ता बंद हो गया है। अचलगंज थाना क्षेत्र के आटा बंथर गांव में नीरज का कच्चा घर लगातार बारिश के कारण भरभराकर गिर गया। घर के मलबे में छह मवेशी दब गए। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर पशुओं को बाहर निकाला, लेकिन तब तक सभी छह मवेशियों की मौत हो चुकी थी। दीवार गिरने से पिता और दो बेटियां घायल आशा खेड़ा गांव में भी लगातार बारिश के बीच एक दीवार अचानक गिर गई। मलबे की चपेट में आने से पिता और उनकी दो बेटियां घायल हो गईं। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर तीनों को मलबे से बाहर निकाला। घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी गई है। बारिश के कारण कमजोर हो चुके कच्चे मकानों और दीवारों को लेकर ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। सई नदी का पानी सड़क पर, आवागमन बंद बारिश के चलते जिले की नदियों का जलस्तर भी बढ़ने लगा है। सई नदी का पानी बढ़ने से रसूलपुर बकिया मार्ग के ऊपर कई फीट पानी बह रहा है। तेज बहाव के कारण इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर पानी का बहाव तेज है, इसलिए यहां से निकलना जोखिम भरा हो गया है। रास्ता बंद होने से आसपास के ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। गंगा एक्सप्रेसवे पर तीन फीट पानी बारिश का असर गंगा एक्सप्रेसवे पर भी दिखाई दिया। बशीरतगंज टोल के पास करीब तीन फीट तक पानी भर गया। जलभराव के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और चालकों को पानी के बीच से गुजरना पड़ा। स्थानीय लोगों ने जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल उठाए। जिले के कई निचले इलाकों में भी पानी जमा है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश जारी रही तो जलभराव की समस्या और गंभीर हो सकती है। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर राहत-बचाव के कदम उठाने की बात कह रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User