उन्नाव में 64 हजार बच्चों ने प्रतियोगिता में लिया हिस्सा:54 बच्चे जिला स्तरीय स्पर्धा के लिए चुने गए, 3 को किया गया सम्मानित

Sep 30, 2026 - 14:29
0
उन्नाव में 64 हजार बच्चों ने प्रतियोगिता में लिया हिस्सा:54 बच्चे जिला स्तरीय स्पर्धा के लिए चुने गए, 3 को किया गया सम्मानित
उन्नाव। विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत बुधवार को विकास भवन सभागार में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकासखंडों से चयनित 54 बच्चों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन बच्चों को चयनित कर सम्मानित किया गया। बीएसए शैलेश पांडे ने बताया कि 2 अक्टूबर को होने वाले जनपद स्तरीय कार्यक्रम में भी इन बच्चों को सम्मानित किया जाएगा। बीएसए ने बताया कि अभियान के तहत जिले के कक्षा पांच से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए विद्यालय स्तर पर चित्रकला प्रतियोगिता कराई गई थी। इसमें करीब 64 हजार बच्चों ने प्रतिभाग किया। विद्यालय स्तर पर चयनित विद्यार्थियों के लिए 26 सितंबर को ब्लॉक स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें करीब 8,802 बच्चों ने हिस्सा लिया। ब्लॉक स्तर पर प्रत्येक विकासखंड से तीन-तीन विजेता बच्चों का चयन किया गया। इस तरह 17 विकासखंडों से चयनित 54 बच्चे बुधवार को विकास भवन सभागार में आयोजित प्रतियोगिता में शामिल हुए। प्रतियोगिता में उच्च प्राथमिक विद्यालय करनहीपुर, बीघापुर की छात्रा सायमा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उच्च प्राथमिक विद्यालय पिंडुरवा, सिकंदरपुर सरोसी की छात्रा संध्या ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं उच्च प्राथमिक विद्यालय मटारिया, हसनगंज की छात्रा नैना गौतम तृतीय स्थान पर रहीं। विजेता बच्चों को कार्यक्रम में पुरस्कृत किया गया। बीएसए शैलेश पांडे ने बच्चों द्वारा बनाई गई चित्रकलाओं की सराहना करते हुए कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों में बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा को भी आगे बढ़ाने के अवसर दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के साथ एआरपी और एसआरजी टीम के प्रयासों से बच्चों में विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिभा निखर रही है। प्रतियोगिता में बच्चों द्वारा बनाई गई पेंटिंग इसका उदाहरण है। उन्होंने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग के बच्चे किसी भी स्तर पर कॉन्वेंट स्कूलों के विद्यार्थियों से पीछे नहीं हैं। प्रतियोगिता में बच्चों ने जिस तरह अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, वह उत्साहजनक है। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User