उन्नाव में डीजल विक्रेता पर चाकू से हमला:50 हजार लूटे, घर के सामने रहने वाले युवक पर आरोप, घायल अस्पताल में भर्ती
उन्नाव। कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर सरोसी गांव में शुक्रवार रात करीब 10 बजे डीजल विक्रेता पर हमला कर रुपये लूटने का आरोप लगा है। घर में अकेले रहने वाले नरेश कुमार जैसवाल के गले पर चाकू से हमला कर घायल करने और करीब 50 हजार रुपये लेकर फरार होने का आरोप घर के सामने रहने वाले शहबान पर लगाया गया है। गंभीर रूप से घायल नरेश को रात करीब 11 बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। नरेश कुमार जैसवाल सिकंदरपुर सरोसी के निवासी हैं और घर से डीजल बेचने का काम करते हैं। नरेश के मुताबिक, शुक्रवार रात वह घर पर अकेले थे। इसी दौरान घर के आसपास किसी के होने की आहट हुई। आरोप है कि घर के सामने रहने वाला शहबान उनके पास पहुंचा और उन पर हमला कर दिया। हमले में नरेश के गले पर धारदार हथियार लगने से वह घायल हो गए। नरेश ने बताया कि अंधेरा होने के कारण वह हमलावर के हाथ में मौजूद हथियार को ठीक से नहीं देख सके। उनका कहना है कि हमले के बाद घर में रखा सामान भी अस्त-व्यस्त मिला। नरेश के अनुसार, उन्होंने कुछ रुपये गद्दे के नीचे रखे थे। हमलावर के जाने के बाद गद्दा और अन्य सामान बिखरा पड़ा था तथा रुपये गायब थे। पीड़ित ने करीब 50 से 60 हजार रुपये रखे होने की बात बताई है। पुलिस फिलहाल रुपये की वास्तविक रकम और घटना के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। घायल नरेश का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया है। घायल नरेश ने बातचीत में बताया कि घटना के दौरान घर की लाइट भी नहीं जल रही थी, जिससे अंधेरे के कारण हमलावर को पहचानने और हथियार के बारे में स्पष्ट जानकारी मिलने में परेशानी हुई। कोतवाली इंस्पेक्टर सीके मिश्रा ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)