उन्नाव में जर्जर दीवार गिरने से महिला की मौत:पड़ोस के लोगों ने मलबे से निकाला, तब तक चली गई जान
उन्नाव के अजगैन कोतवाली क्षेत्र के डहरौली गांव में मंगलवार सुबह जर्जर दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय पास में 55 साल की महिला मलबे के नीचे दब गई। आसपास के लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में मलबा हटाकर महिला को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाई। डहरौली गांव निवासी बुद्धाई की पत्नी नन्हका (55) मंगलवार सुबह घर में मौजूद थीं। इसी दौरान अचानक घर की दीवार भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर मलबा हटाया और महिला को बाहर निकाला। परिजन उन्हें लेकर अस्पताल जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। नन्हका के चार बेटे हैं। इनमें भैयालाल (38) और बालेन्द्र (32) की शादी हो चुकी है, जबकि शिवनाथ (22) और आशीष (26) भी परिवार के साथ रहते हैं। मां की अचानक मौत से चारों बेटों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। ग्रामीणों ने बताया कि घर की दीवार काफी समय से कमजोर थी। मंगलवार सुबह अचानक दीवार गिरने से हादसा हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर अजगैन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हादसे के बाद गांव में भी मातम का माहौल रहा। ग्रामीणों ने प्रशासन से जर्जर मकानों और कमजोर दीवारों का सर्वे कराकर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था कराने की मांग की, ताकि इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति न हो।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)