उन्नाव में कुएं में गिरा युवक:जहरीली गैस के चलते लोग रेस्क्यू नहीं कर पाए, फायर ब्रिगेड को बुलाया गया
उन्नाव। बिहार थाना क्षेत्र के मनिकापुर के मजरा अजब खेड़ा में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब दिनेश गुप्ता पुत्र स्वर्गीय बाला प्रसाद अचानक घर के अंदर बने कुएं में गिर गए। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए और उन्हें कुएं से बाहर निकालने का प्रयास शुरू कर दिया। हालांकि, कुएं में जहरीली गैस होने की आशंका के चलते रेस्क्यू अभियान में बाधा आ रही है। कुएं में उतरकर दिनेश को निकालने की कोशिश करने वाले लोग गैस के प्रभाव के डर से अपनी जान बचाकर बाहर निकल आए। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह दिनेश गुप्ता अचानक घर के अंदर बने कुएं में गिर गए। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों को इसकी जानकारी हुई तो बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने अपने स्तर से उन्हें कुएं से बाहर निकालने की कोशिश शुरू की, लेकिन कुएं के अंदर जहरीली गैस होने की आशंका के कारण लोगों को पीछे हटना पड़ा। एक घंटे से जारी प्रयास ग्रामीणों के अनुसार, कुएं में गिरे दिनेश को बाहर निकालने के लिए करीब एक घंटे से प्रयास किए जा रहे हैं। कई लोगों ने उन्हें निकालने की कोशिश की, लेकिन अंदर गैस होने के कारण वे अधिक देर तक कुएं में नहीं रुक सके। ऐसे में दिनेश को सुरक्षित बाहर निकालने की चुनौती बनी हुई है। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सभी लोग दिनेश को बाहर निकालने के प्रयासों पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी सूचना घटना की सूचना मिलने पर बिहार थाना अध्यक्ष राहुल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति का जायजा लेते हुए उच्चाधिकारियों और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। प्रशासन की ओर से रेस्क्यू के लिए आवश्यक मदद जुटाने के प्रयास किए जा रहे हैं। कुएं में जहरीली गैस की आशंका को देखते हुए सावधानी बरती जा रही है, ताकि बचाव अभियान में जुटे लोगों की जान को खतरा न हो। फिलहाल दिनेश गुप्ता को कुएं से बाहर निकालने के प्रयास जारी हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)