उन्नाव में लोडर की टक्कर से किशोरी की मौत:राजधानी मार्ग पर वी-मार्ट के पास हादसा, दवा लेने आई मां गंभीर घायल
उन्नाव में कोतवाली गंगाघाट क्षेत्र के राजधानी मार्ग पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार लोडर की टक्कर से किशोरी की मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा सुबह करीब आठ बजे वी-मार्ट के पास हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों ने घायल मां-बेटी को उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने किशोरी को मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार मूल रूप से सवाईपुर निवासी मंजू पत्नी उमाकांत सचान वर्तमान में कानपुर के बौद्ध नगर मेट्रो स्टेशन के पास रहती हैं। सोमवार सुबह वह अपनी बेटी विविध भारती के साथ शुक्लागंज स्थित आयुर्वेदिक चिकित्सक अनुज तिवारी के पास दवा लेने आई थीं। दोनों राजधानी मार्ग पर वी मार्ट के पास ऑटो से उतर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार लोडर ने मां-बेटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद चालक लोडर लेकर मौके से निकल गया। आसपास मौजूद राहगीरों ने घायल मां-बेटी को उठाया और उपचार के लिए नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद विविध भारती को मृत घोषित कर दिया। वहीं मंजू का उपचार चल रहा है। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों के मुताबिक विविध भारती तीन बहनों और एक भाई में सबसे छोटी थी। वह बीए की छात्रा थी। बेटी की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। हादसे की सूचना मिलने पर गंगाघाट पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने किशोरी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय उन्नाव भेज दिया। पुलिस ने हादसे के संबंध में आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस लोडर और उसके चालक की पहचान के प्रयास में जुटी है। राजधानी मार्ग पर हुए हादसे के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिससे टक्कर मारने वाले लोडर की पहचान हो सके। पुलिस का कहना है कि तहरीर और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)