उन्नाव में सई नदी का जलस्तर बढ़ा, VIDEO:हजारों बीघे धान की फसल डूबी, घरों-दुकानों में घुसा पानी
उन्नाव में लगातार बारिश के बाद सई नदी का जलस्तर बढ़ने से जिले के कई गांवों में बाढ़ के हालात बन गए हैं। नदी के उफान पर आने से आदमपुर बरेठी, मोहान, रसूलपुर बकिया, अहमदपुर टकटोली और बिचपरी समेत आसपास के गांवों में पानी घुस गया है। खेतों में पानी भरने से हजारों बीघे धान की फसल डूब गई है। पकने को तैयार धान की फसल के पानी में डूबने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। गुरुवार को सई नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने के कारण गांवों को जोड़ने वाले रास्तों पर भी पानी भर गया है। इससे ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। कई स्थानों पर ग्रामीणों को पानी से होकर ही आने-जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। बाढ़ का पानी अब खेतों से निकलकर गांवों की आबादी तक पहुंच गया है। कई घरों और दुकानों में भी पानी घुसने की सूचना है। फसल को नुकसान का डर ग्रामीणों के मुताबिक, पानी भरने से दुकानों में रखा सामान भी खराब हो गया है। खेतों में धान के साथ मूंग और उड़द की फसल भी पानी में डूब गई है। किसानों का कहना है कि धान की फसल इस समय पकने की स्थिति में थी। ऐसे में लंबे समय तक खेतों में पानी भरा रहा तो फसल के सड़ने और उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है। इससे किसानों को बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। रसूलपुर बकिया और आसपास के इलाकों में स्थिति ज्यादा खराब बताई जा रही है। गांवों को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाले रास्तों पर पानी भरने से लोगों को जरूरी काम के लिए निकलने में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि नदी का जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो बाढ़ का पानी और आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच सकता है। लोग प्रशासन से प्रभावित गांवों में राहत और बचाव की व्यवस्था कराने, जलभराव वाले रास्तों पर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने और फसलों के नुकसान का सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने की मांग कर रहे हैं। ड्रोन कैमरे से लिए गए वीडियो में खेतों में भरा बाढ़ का पानी और डूबी हुई फसलों का नजारा साफ दिखाई दे रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)