UPPSC स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी परीक्षा 4 अक्टूबर को:प्रयागराज समेत 10 जिलों में केंद्र, DM ने की तैयारी की समीक्षा
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की ओर से आयोजित होने वाली स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी (स्क्रीनिंग) परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी और पूरी तरह नकलविहीन माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। यह परीक्षा प्रयागराज समेत प्रदेश के 10 जिलों में 4 अक्टूबर को होगी। परीक्षा एक ही सत्र में सुबह 09:30 बजे से 11:30 बजे तक होगी। इसको लेकर संगम सभागार में डीएम मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था से लेकर प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अंतिम रूप दिया गया। प्रयागराज जनपद में इस परीक्षा के लिए 17,487 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं, जिनकी सहूलियत और व्यवस्थित परीक्षा संचालन के लिए जिले भर में कुल 43 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर पाई गई लापरवाही, शिथिलता या उदासीनता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता में व्यवधान डालने, अफवाह फैलाने या अनुचित साधनों का प्रयोग करने का प्रयास करने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। नकल माफियाओं के विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। परीक्षा को निर्विघ्न और सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने निगरानी का मजबूत ढांचा तैयार किया है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर कड़ी नजर रखने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और सह-केंद्र व्यवस्थापकों की सीधी जवाबदेही तय की गई है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को परीक्षा को बेहद संवेदनशील मानते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी मुस्तैदी के साथ करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों की सघन जांच करने तथा परिसर में किसी भी प्रकार के प्रतिबंधित उपकरण या इलेक्ट्रॉनिक गैजेट को रोकने के लिए पुलिस बल और सुरक्षाकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)