विश्वविद्यालय खुरपका-मुंहपका रोग से बचाव के लिए 45 पैरावेट प्रशिक्षित:सीरम नमूना संग्रह और सुरक्षित परिवहन की दी गई जानकारी, पशुओं में रोग की निगरानी पर जोर
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज के पशु चिकित्सा विज्ञान एवं पशुपालन महाविद्यालय स्थित क्षेत्रीय खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) केंद्र की ओर से पैरावेट के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में 45 पैरावेट ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें पशुओं में खुरपका-मुंहपका रोग की पहचान, निगरानी, नमूना संग्रह और बचाव से संबंधित तकनीकी जानकारी दी गई। शुक्रवार, 9 अक्टूबर को महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. नमिता जोशी ने बताया कि प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि खुरपका-मुंहपका रोग पशुपालकों के लिए आर्थिक नुकसान का बड़ा कारण बन सकता है। इस रोग से पशुओं का स्वास्थ्य और उनकी उत्पादन क्षमता प्रभावित होती है। ऐसे में रोग के लक्षणों की समय पर पहचान, वैज्ञानिक तरीके से नमूना संग्रह और नियमित निगरानी बेहद जरूरी है। निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार बचाव के उपाय अपनाकर रोग के प्रसार को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है। डॉ. जोशी ने कहा कि पैरावेट पशुपालकों और पशु चिकित्सा सेवाओं के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों के संपर्क में रहने के कारण उनकी भूमिका पशुओं में रोग की पहचान और समय पर सूचना देने में अहम होती है। पैरावेट को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने से गांवों में पशु रोगों की निगरानी मजबूत होगी और नियंत्रण के प्रयासों को गति मिलेगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को सीरम नमूना संग्रह की प्रक्रिया और नमूनों को सुरक्षित तरीके से प्रयोगशाला तक पहुंचाने की मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके साथ ही सीरो मॉनिटरिंग और सीरो सर्विलांस की तकनीकों की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने पशुओं में रोग की स्थिति पर नजर रखने, नमूनों की गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने के महत्व को समझाया। कार्यक्रम की आयोजक सचिव डॉ. विभा यादव रहीं। इस अवसर पर सह अधिष्ठाता डॉ. जे.पी. सिंह, मीडिया प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ. सत्यव्रत सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)