वंदे भारत के चलते बदला असारवा सुपरफास्ट का टाइम:3 और 4 अक्टूबर से लागू होगी नई समय-सारिणी; गुजरात-राजस्थान जाने वाले यात्रियों पर असर
सूरत से उदयपुर के बीच नई वंदे भारत ट्रेन शुरू होने का सीधा असर आगरा कैंट से चलने वाली असारवा सुपरफास्ट एक्सप्रेस पर पड़ा है। रेलवे ने आगरा कैंट से असारवा जाने और असारवा से आगरा आने वाली दोनों ट्रेनों के समय में बदलाव कर दिया है। नया टाइम टेबल 3 और 4 अक्टूबर से लागू होगा। आगरा से राजस्थान और गुजरात जाने वाले यात्रियों को अब नई टाइमिंग के हिसाब से स्टेशन पहुंचना होगा। आगरा से जाने वाली ट्रेन अब हिम्मतनगर 15 मिनट देरी से पहुंचेगी
रेलवे के मुताबिक गाड़ी संख्या 20178 आगरा कैंट-असारवा सुपरफास्ट एक्सप्रेस के समय में बदलाव 3 अक्टूबर 2026 से लागू होगा। यह ट्रेन आगरा कैंट से चलकर शामलाजी रोड, डूंगरपुर, जावर होते हुए असारवा जाती है। आगरा से आने वाले यात्रियों के लिए सबसे बड़ा बदलाव हिम्मतनगर जंक्शन पर है। अब यह ट्रेन हिम्मतनगर पर सुबह 09:35 बजे पहुंचेगी और 09:37 बजे रवाना होगी। पहले यहां इसका समय 09:20 से 09:22 था। यानी आगरा से गुजरात जाने वाले यात्रियों को हिम्मतनगर 15 मिनट की देरी से पहुंचना होगा। हालांकि असारवा पहुंचने का समय 11:00 बजे यथावत रखा गया है, जिससे आगरा के यात्रियों की कनेक्टिविटी पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। आगरा आने वाली ट्रेन डूंगरपुर 11 मिनट पहले पहुंचेगी
वहीं असारवा से आगरा कैंट आने वाली गाड़ी संख्या 20177 के समय में बदलाव 4 अक्टूबर से लागू होगा। आगरा आने वाले यात्रियों के लिए राहत की बात है कि ट्रेन अब अपने तय समय से पहले चलेगी। डूंगरपुर स्टेशन पर अब यह ट्रेन 17:25 बजे पहुंचेगी और 17:27 बजे रवाना होगी, जबकि पहले यह 17:36 पर आती थी। यानी 11 मिनट पहले। जावर स्टेशन पर भी 2 मिनट का बदलाव है। अब 18:35 पर पहुंचेगी। असारवा से हिम्मतनगर और जावर से आगरा कैंट के बीच ट्रेन के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है, इसलिए आगरा कैंट पहुंचने का समय पहले जैसा ही रहेगा। रेल प्रशासन ने कहा है कि सूरत-उदयपुर वंदे भारत के संचालन को देखते हुए यह बदलाव जरूरी था, ताकि ट्रेनों का क्रॉसिंग और परिचालन सुचारू रहे। आगरा मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि नई समय-सारिणी देखकर ही यात्रा की योजना बनाएं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)