यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:राजनाथ की चुनौती- राहुल सपा के बगैर चुनाव लड़ लें; 3 दिन में 4 को फांसी की सजा; मुंह में तुलसी-पत्ता डालते जिंदा हुई महिला

Oct 16, 2026 - 19:11
0
यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:राजनाथ की चुनौती- राहुल सपा के बगैर चुनाव लड़ लें; 3 दिन में 4 को फांसी की सजा; मुंह में तुलसी-पत्ता डालते जिंदा हुई महिला
नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर मेरठ में पति की हत्या कर सांप से डसवाने वाली रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को फांसी की सजा से जुड़ी है। वहीं, दूसरी खबर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का राहुल गांधी से सवाल पूछने को लेकर है। आइए, सिलसिलेवार तरीके से जानते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा... पहले टॉप 5 खबरें... 1- मेरठ में पति को सांप से डसवाने वाली रविता को सजा-ए-मौत, प्रेमी को भी फांसी मेरठ में पति की हत्या कर सांप से डसवाने वाली रविता और प्रेमी अमरदीप को वारदात के 547 दिन बाद जिला कोर्ट ने फांसी की सजा सुनाई है। सजा सुनकर दोनों फूट-फूटकर रोने लगे। ACJM-12 जयवीर सिंह नागर ने इसे रेयरेस्ट ऑफ रेयर माना। नीला ड्रम हत्याकांड का नाम लिए बगैर कहा- केवल काट डालना ही जघन्य अपराध नहीं है। 3 दिन में 4 को सजा-ए-मौत दी गई। पूरी खबर पढ़ें 2- लखनऊ में राजनाथ बोले- राहुल युवाओं को भटका रहे, पूछा- सपा के बगैर चुनाव लड़ सकते? लखनऊ में राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी से पूछा कि सपा के समर्थन के बिना क्या आप रायबरेली सीट जीत पाएंगे? कहा कि कांग्रेस 37 साल से यूपी की सत्ता से बाहर है। यह वोट चोरी नहीं, काम चोरी के कारण है। कांग्रेस और उसके सहयोगी दल युवाओं को भटका रहे। बांग्लादेश की तरह जबरन यहां सरकार बदलना चाहते। उनका एजेंडा लोकतांत्रिक संस्थाओं को खत्म करना है। पूरी खबर पढ़ें 3- राजभर बोले- पंचायत चुनाव कराने के लिए हम तैयार; 1 महीने बाद सब क्लियर होगा पंचायतीराज मंत्री ओपी राजभर ने कहा कि सरकार पंचायत चुनाव कराने के लिए तैयार है। ओबीसी आयोग की रिपोर्ट एक महीने में आने की उम्मीद है। रिपोर्ट मिलते ही तारीखों का ऐलान कर दिया जाएगा। दावा किया कि अखिलेश यादव के दर्जनभर विधायक संपर्क में हैं। सभी छटपटा रहे। कह रहे कि भाजपा में टिकट कंफर्म कराइए या अपनी पार्टी में शामिल करा लीजिए। पूरी खबर पढ़ें 4- योगी बोले- सपा ने राज्यसभा टिकट धन्नासेठ को गिरवी रखा; PDA यानी पराया धन अपना गाजियाबाद में योगी ने कहा- राज्यसभा चुनाव में सपा ने कैसे टिकट बेचने का काम किया है, आपने देखा है। वे दो या तीन सीटों पर लड़ सकते थे। लेकिन अपना पहला टिकट चचाजान को दिया। दूसरा टिकट मुंबई के धन्नासेठ को गिरवी रख दिया। यही है इनकी असलियत। मैं पहले दिन से कह रहा था कि सपा के PDA का मतलब- परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी और पराया धन अपना। पूरी खबर पढ़ें 5- बुलंदशहर में पिता-पुत्र और पोती समेत 5 की मौत, 100 की स्पीड में कार टकराई बुलंदशहर में तेज रफ्तार ईको कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक साल की बच्ची, महिला समेत 5 लोगों की मौत हो गई। तीन लोग गंभीर हैं। कार में एक ही परिवार के 8 लोग सवार थे। कासगंज से बेलोन मंदिर दर्शन करने जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा 2 फीट तक पिचक गया। सब अंदर फंस गए। पुलिस ने घायलों को निकाल अस्पताल पहुंचाया। पूरी खबर पढ़ें अब अहम 8 खबरें... 6- रेप-डकैती के आरोपी, पुलिस से बचने के लिए 'बाबा' बने; कैमरे पर बाबाओं का सच यूपी में ऐसे कई अपराधी हैं, जो पुलिस से बचने के लिए बाबा बन गए। धर्म-आस्था के कारण पुलिस ऐसे बाबाओं पर हाथ नहीं डालती, जिसका इन्होंने फायदा उठाया। भास्कर इन्वेस्टिगेशन में यह भी सामने आया कि जिन बाबाओं पर आपराधिक केस दर्ज हैं, उन्होंने पैसे कमाने के लिए शुरू में कई काम-धंधे किए। जब कहीं भी कामयाब नहीं हुए तो वे बाबा बन गए। पढ़िए पूरा इन्वेस्टिगेशन... 7- कानपुर में होमगार्ड भर्ती में वसूली, 2 डॉक्टर समेत 3 हिरासत में लिए गए कानपुर में होमगार्ड भर्ती के मेडिकल टेस्ट में वसूली के आरोप पर अभ्यर्थियों ने हंगामा किया। आरोप है कि मेडिकल में अनफिट करने का डर दिखाकर रुपए मांगे जा रहे थे। जांच में ऑनलाइन रुपए ट्रांसफर होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो डॉक्टरों समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। मेडिकल 29 अक्टूबर तक चलना है। पहले दिन का टेस्ट निरस्त किया गया। पूरी खबर पढ़ें 8- गोंडा में अखिलेश को गाली देने वाली गिरफ्तार, कहा- हम पक्के ब्राह्मण अखिलेश यादव को गाली देने वाली पल्लवी शुक्ला को गोंडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसने 2 दिन पहले फेसबुक पर वीडियो पोस्ट कर कहा था- हम लोग पक्के ब्राह्मण हैं, कुछ भी हो जाए, यादवों को कभी सपोर्ट नहीं करेंगे। सपा की साइकिल हमेशा जंग खाती रहेगी। कमल हमेशा खिला रहेगा। सपा नेता वकार खान की शिकायत पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पूरी खबर पढ़ें 9- बृजभूषण बोले- CJP के आंदोलन के पीछे एलन मस्क, नेहा बोरा का आदर्श पाकिस्तान पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि नेहा बोरा का आदर्श पाकिस्तान है। साथ ही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के पीछे विदेशी ताकतों का हाथ होने का आरोप लगाया है। कहा- इस आंदोलन के पीछे अमेरिकी बिजनेसमैन एलन मस्क का हाथ है। कुछ विदेशी कारोबारी अपनी शर्तों पर भारत में कारोबार करना चाहते हैं। इसके लिए साजिश रच आंदोलन करा रहे। पूरी खबर पढ़ें 10- सहारनपुर में महिला पंचायत सहायक की हत्या, कमरे में मिली लाश सहारनपुर में 27 साल की महिला पंचायत सहायक की गला दबाकर हत्या कर दी गई। लाश कमरे में चारपाई पर मिली। शुक्रवार सुबह जब भाई जगाने पहुंचा तो बहन कोमल को बेहोशी की हालत में पाया। पानी के छींटे मारने के बाद भी नहीं उठी तो पुलिस के पास गया। बताया जा रहा कि रात में घर पर कोमल और भाई ही थे। माता-पिता रोज की तरह घर के बाहर सो रहे थे। पूरी खबर पढ़ें 11- अखिलेश बोले- SIR नहीं भाजपा की साजिश के विरोध में हूं; 100 सीटों की गड़बड़ियों का डेटा सौंपा अखिलेश यादव ने कहा- सपा SIR या SSR के विरोध में नहीं है, बल्कि इसमें भाजपा की साजिश और गड़बड़ी के खिलाफ है। उन्होंने मांग किया कि वोटर लिस्ट का एक ही रिवीजन होना चाहिए। बार-बार रिवीजन नहीं होना चाहिए। बताया कि समाजवादी पार्टी ने 100 विधानसभा क्षेत्रों का डेटा चुनाव आयोग को दिया है। इनके वोटर्स लिस्ट में गड़बड़ियां भाजपा ने की या करवाई है। पूरी खबर पढ़ें 12- आगरा में आंधी-बारिश, योगी का दौरा कैंसिल, मथुरा में भी तेज बरसात पश्चिमी यूपी में आंधी-बारिश का सिलसिला जारी है। शुक्रवार सुबह से आगरा, मथुरा और हाथरस समेत 5 शहरों में तेज हवाओं के साथ रुक-रुक कर बारिश हुई। आगरा में इतनी बारिश हुई कि सीएम योगी काे दौरा रद्द करना पड़ा। मथुरा में आंधी के साथ जोरदार बारिश हुई। स्कूलों में छुट्टी करनी पड़ी। हाथरस मंडी में रखी धान की हजारों बोरियां भीग गईं। सड़कों में पानी भर गया। पूरी खबर पढ़ें 13- कानपुर में कच्चा बादाम गाना बजते ही भड़कीं अंजलि अरोड़ा, 12 मिनट में छोड़ा मंच कानपुर में ‘कच्चा बादाम’ गाना बजते ही सोशल मीडिया स्टार अंजलि अरोड़ा भड़क गईं। गुरुवार रात नाइट डांडिया में अपना ही गाना सुनकर उन्होंने कहा- आर्टिस्ट की रिस्पेक्ट करनी नहीं आती क्या? मोती झील के लाजपत भवन में उनकी एक झलक पाने को हजारों फैंस पहुंचे थे। रात 9:52 बजे मंच पर पहुंचीं। करीब 12 मिनट रुकीं। इस दौरान तीन बार नाराज हुईं। फिर चली गईं। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है... 14- तुलसी का पत्ता मुंह में डालते जिंदा हुई महिला, अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी गोरखपुर में मृत घोषित एक महिला के मुंह में तुलसी का पत्ता डालते ही जिंदा हो गई। बुधवार को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। गुरुवार को 56 साल की महिला के अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। इसी बीच परिजनों ने महिला के मुंह में गंगाजल के साथ तुलसी का पत्ता डाला तो उन्हें खांसी आने लगी। वे उनको मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। वहां उनका इलाज चल रहा। पूरी खबर पढ़ें कल क्या रहेगा खास... 15- मतदाता पंजीकरण स्पेशल कैंप 17 अक्टूबर को प्रदेश में हर बूथ पर वोटर रजिस्ट्रेशन के लिए स्पेशल कैंप लगाए जाएंगे। सुबह 10 से शाम 4 बजे तक लगने वाले इन शिविरों में नए और छूटे हुए पात्र मतदाता, खासकर युवा, बीएलओ के पास फॉर्म-6 भरकर वोटर लिस्ट में अपना नाम जुड़वा सकते हैं। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात...

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User