यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:शिक्षामित्र नहीं देंगे स्पेशल TET; साधुओं को मारकर जलाया; बृजभूषण बोले- चुनाव नहीं लड़ूंगा
आज की सबसे बड़ी खबर इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा शिक्षा मित्रों को स्पेशल TET-2026 में शामिल होने की मांग को खारिज करने से जुड़ी है। वहीं, दूसरी बड़ी खबर अयोध्या पहुंचे बृजभूषण शरण सिंह के विधानसभा चुनाव न लड़ने के ऐलान को लेकर है। आइए, सिलसिलेवार तरीके से जानते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा... पहले टॉप 5 खबरें... 1- शिक्षामित्र स्पेशल TET नहीं दे पाएंगे, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने याचिका खारिज की इलाहाबाद हाईकोर्ट ने गुरुवार को शिक्षामित्रों को स्पेशल TET-2026 में शामिल करने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी। 220 शिक्षामित्रों ने याचिका दाखिल की थी। जस्टिस मंजू रानी चौहान ने कहा- सिर्फ इस आधार पर स्पेशल TET में शामिल होने का अधिकार नहीं मांग सकते कि वे सामान्य TET के योग्य हैं। शिक्षामित्रों की कानूनी स्थिति नौकरी कर रहे शिक्षकों से अलग है। पूरी खबर पढ़ें 2- बृजभूषण सिंह बोले- मुझे चुनाव नहीं लड़ना, अखिलेश मेरे खिलाफ नहीं बोलते यूपी में राज्यसभा चुनाव के बीच भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने गुरुवार को बड़ा बयान दिया। सपा प्रमुख के प्रति बढ़ती नरमी पर बृजभूषण ने अयोध्या में कहा- अखिलेश से मेरे व्यक्तिगत संबंध हैं। मैं उनके खिलाफ नहीं बोलता, वे मेरे खिलाफ नहीं बोलते हैं। इस पर राजनीति न हो। मैं भाजपा में हूं। वे सपा के हैं। पूर्व सांसद ने कहा, मुझे विधानसभा चुनाव नहीं लड़ना है। पूरी खबर पढ़ें 3- भाजपा की 5 मोर्चा की टीम का ऐलान, अनस अंसारी अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भाजपा ने प्रदेश संगठन के 5 मोर्चों अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, महिला, ओबीसी और किसान मोर्चा की टीमों का ऐलान कर दिया है। सबसे चौंकाने वाला नाम विकास किशोर का है, जिन्हें अनुसूचित जाति मोर्चा का उपाध्यक्ष बनाया गया है। विकास, नाराज पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर के बेटे हैं। अनस अंसारी को अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए हैं। पूरी खबर पढ़ें 4- योगी ने ACS की ली चुटकी, कहा- होमवर्क किए बिना पूर्व-DGP को कॉल किया सीएम योगी ने गुरुवार को लखनऊ में 26 जांबाज पुलिसकर्मियों को मेडल दिए। पूर्व डीजीपी प्रकाश सिंह की पुस्तक ‘संघर्ष’ का विमोचन किया। इस दौरान बिना होमवर्क के प्रकाश सिंह को फोन करने पर एडिशनल चीफ सेक्रेटरी होम संजय प्रसाद की चुटकी ली। कहा- औपचारिकता के कारण ही आप लोग कटघरे में खड़े होते हैं। कहा- शॉर्टकट प्रगति नहीं, दुर्गति का कारण बनता है। पूरी खबर पढ़ें 5- शाहजहांपुर में 2 साधुओं की हत्या, शिव मंदिर में लकड़ी की चिता बनाकर आग लगाई शाहजहांपुर में शिव मंदिर में दो साधुओं की हत्या के बाद शवों को वहीं लकड़ी की चिता बनाकर जला दिया गया। गुरुवार सुबह धुआं उठता देखकर गांव वाले मंदिर पहुंचे तो एक साधु का शव जल रहा था, जबकि दूसरा कंकाल बन चुका था। दोनों शव 10 मीटर दूर पड़े थे। मृतकों की पहचान बाबा गोपाल दास और बाबा बिहारी दास के रूप में हुई। भतीजे को हिरासत में लिया गया। पूरी खबर पढ़ें अब अहम 8 खबरें... 6- अखिलेश का ऐलान- सरकार बनने पर लोकतंत्र सेनानियों को 51 हजार पेंशन देंगे अखिलेश यादव ने सरकार बनने पर लोकतंत्र रक्षक सेनानियों की सम्मान राशि 51 हजार रुपए महीना करने का ऐलान किया। बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा- देश में सोशल जस्टिस 'बीजेपियन इमरजेंसी' के दौर से गुजर रहा। पीडीए पर अत्याचार हो रहा। पीएम बनने के सवाल पर बोले- यूपी में रहने दो, आपस में झगड़ा मत कराओ। उनका इशारा राहुल गांधी की ओर था। पूरी खबर पढ़ें 7- जगद्गुरु रामभद्राचार्य पर प्रयागराज में केस, कहा था- ऊंचे ब्राह्मण चौबे-दीक्षितों में बेटियां नहीं देते जगद्गुरु रामभद्राचार्य के खिलाफ प्रयागराज कोर्ट में केस चलेगा। जिला कोर्ट ने गुरुवार को नोटिस जारी कर 12 अक्टूबर को पेश होने के लिए कहा है। वृंदावन में भागवत कथा में उन्होंने कहा था- ऊंच कुल के ब्राह्मण अपनी बेटियां उपाध्याय, चौबे, त्रिगुणायत, दीक्षित और पाठकों को नहीं देते, हम इन्हें अधम मानते हैं। आरोप है कि बयान के बाद शादी में रुकावट आने लगी। पूरी खबर पढ़ें 8- BJP सांसद शशांक मणि अफसरों पर भड़के, मोबाइल जलाकर अंधेरे में बैठे रहे कुशीनगर में टूटे बांध की मरम्मत देखने पहुंचे देवरिया से भाजपा सांसद शशांक मणि त्रिपाठी अफसरों पर भड़क गए। मौके पर लाइट नहीं थी, तो सांसद ने मोबाइल की टॉर्च जलाकर रजिस्टर देखा। रजिस्टर देखकर उन्होंने कहा- “आप लोग मुझे मूर्ख नहीं बना सकते। बोल्डर गायब है, जनरेटर नहीं है, हम अंधेरे में बैठे हैं। वह करीब 4 घंटे तक मोबाइल की टॉर्च जलाकर बैठे रहे। पूरी खबर पढ़ें 9- प्रेमानंद महाराज ने दर्शन-दीक्षा बंद की, वृंदावन में साधकों के लिए ड्रेस कोड भी खत्म मथुरा में संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम केली कुंज में दर्शन और दीक्षा पर रोक लगा दी गई है। यह निर्णय कब तक प्रभावी रहेगा, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। आश्रम में रहने वाले साधक-साधिकाओं के लिए लागू ड्रेस कोड भी खत्म कर दिया गया है। पहले साधक-साधिकाएं सफेद मार्किन के कपड़े और पीला अचला पहनते थे। अब वे सामान्य कपड़ों में नजर आएंगे। पूरी खबर पढ़ें 10- एटा में पुजारी का सिर कूचकर मार डाला, मंदिर में दोनों पैर रस्सी से बंधे मिले एटा में बुजुर्ग पुजारी की ईंट से कूचकर हत्या कर दी गई। उनका शव मंदिर परिसर में चारपाई पर खून से लथपथ मिला। दोनों पैर रस्सी से बंधे थे और सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। पुलिस के मुताबिक, गांव का ही युवक मंदिर में रखे पुजारी के रुपयों का थैला चोरी कर भाग रहा था। पुजारी ने उसे देख लिया। डर से आरोपी ने ईंट से उनके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। पूरी खबर पढ़ें 11- कानपुर दवा कारोबारी की बहू छतरपुर आश्रम गईं, भाई बोला- रात में रोने लगती कानपुर के विनीत मिनोचा हत्याकांड के बाद उनकी बहू शालू अपनी बहन सोनिया के साथ छतरपुर स्थित गुरुजी के आश्रम चली गईं। भाई के अनुसार, आश्रम में तीन-चार दिन रहकर मन शांत करने की कोशिश करेंगी। बताया कि शालू की हालत ठीक नहीं है। वह रात में सो नहीं पा रही हैं, अचानक उठकर बैठ जाती हैं और रोती रहती हैं। वह 21 दिन तक जेल में रहकर निकली है। पूरी खबर पढ़ें 12- मेरठ में सजा से पहले बेटी पिहू से मिलना चाहती है मुस्कान, कहा- बेटी से मिलवा दीजिए मेरठ के नीला ड्रम हत्याकांड में पति सौरभ राजपूत की हत्या की दोषी करार मुस्कान सजा सुनाए जाने से पहले अपनी बड़ी बेटी पिहू से मिलना चाहती है। वह बेटी का चेहरा देखना चाहती है। मुस्कान ने 29 सितंबर को जेल प्रशासन से यह इच्छा जताई। जेल मैनुअल के अनुसार, बुलाने का प्रावधान नहीं है। अगर परिवार खुद मिलने आता तो नियमानुसार मुलाकात कराई जा सकती है। पूरी खबर पढ़ें 13- सपा नेता का मंत्री निषाद और राजभर पर तंज, कहा- गाली देने वाले आउटसोर्स मंत्री सपा नेता राजपाल कश्यप ने भाजपा के सहयोगी दलों के मंत्रियों पर निशाना साधते हुए कहा- “ये ठेके पर गाली देने वाले मंत्री हैं, जिस दिन गाली नहीं देंगे, उसी दिन इनका पद चला जाएगा।” उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में पिछड़े, दलित, किसान, नौजवान और अल्पसंख्यक परेशान हैं। अनिल राजभर, संजय निषाद और अनुप्रिया पटेल अपने समाज को आरक्षण नहीं दिला पाए। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है... 14- परचून दुकानदार के खाते में एक अरक से अधिक की लेनदेन बरेली में परचून दुकानदार के खाते में एक अरब रुपए से ज्यादा का लेनदेन हुआ है। जानकारी मिलने पर ED की टीम उसके घर पहुंच गई। चिटौली गांव में पोशाकीलाल मौर्य छोटे किसान हैं। घर पर ही परचून की दुकान चलाते हैं। बुधवार सुबह पहुंची टीम ने करीब 20 घंटे जांच की। बृहस्पतिवार सुबह टीम दिल्ली लौट गई। ED की टीम उनका मोबाइल जब्त कर अपने साथ ले गई है। कल क्या रहेगा खास... 15- कांग्रेस के किसान अधिकार यात्रा का शुभारंभ 2 अक्टूबर से कांग्रेस यूपी में किसान अधिकार यात्रा का शुभारंभ करेगी। मुजफ्फरनगर में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय हरी झंड़ी दिखाकर इसे रवाना करेंगे। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)