यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:योगी बोले- माफिया के लिए जज भी रोके जाते थे; बिस्तर पर 5 लाशें मिलीं; छेड़खानी पर सरकारी डॉक्टर की पिटाई
नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत को लेकर है। वहीं, दूसरी खबर सिद्धार्थनगर में बैडटच करने के आरोप में सरकारी डॉक्टर की पिटाई से जुड़ी है। आइए, सिलसिलेवार तरीके से जानते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा... पहले टॉप 5 खबरें... 1- ग्रेटर नोएडा- घर में पति-पत्नी 3 बच्चों की लाश मिलीं, पड़ोसी बोले- प्रॉपर्टी विवाद था ग्रेटर नोएडा में पति-पत्नी और उनके 3 बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार सुबह पांचों के शव घर में बिस्तर पर मिले। पिता बेटे से लिपटे थे। मां छोटे बेटे और बेटी से लिपटी हुई थीं। मृतकों की पहचान महेश (37), पत्नी ललिता (35), बेटे लड्डू (11), साक्षत (3) और बेटी मिष्टी (7) के रूप में हुई है। पड़ोसियों ने प्रॉपर्टी विवाद में जहर देने की आशंका जताई है। पूरी खबर पढ़ें 2- सिद्धार्थनगर में बैडटच करने पर सरकारी डॉक्टर की पिटाई, अल्ट्रासाउंड के समय गंदी हरकत सिद्धार्थनगर में बैड टच करने के आरोप में लोगों ने एक सरकारी डॉक्टर की पिटाई कर दी। आरोप है कि डॉक्टर ने अल्ट्रासाउंड के दौरान युवती के प्राइवेट पार्ट को छुआ। विरोध करने पर भी डॉक्टर नहीं माने तो युवती ने शोर मचाकर लोगों को बुला लिया। इसके बाद लोगों ने डॉक्टर को पीट दिया। पिटाई का वीडियो शुक्रवार शाम सामने आया। घटना 13 अक्टूबर की बताई जा रही। पूरी खबर पढ़ें 3- योगी बोले- पहले 'रूल ऑफ माफिया' था, जज को भी रोक दिया जाता था सीएम योगी ने कहा- प्रयागराज में एक माफिया था, जिस पर कोई कानून लागू नहीं होता था। उसके काफिले के लिए सीएम-गवर्नर और जजों को भी रोक दिया जाता था। पहले यहां ‘रूल ऑफ माफिया’ था। कहा- लक्ष्य प्राप्ति के लिए शिव जैसा मस्तिष्क, कृष्ण जैसा हृदय और राम जैसा कर्म- वचन का सामर्थ्य रखने वाला व्यक्ति चाहिए। वह नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के दीक्षांत में पहुंचे थे। पूरी खबर पढ़ें 4- श्रद्धा 8 दिन बाद भी पुलिस की पकड़ से दूर, सहारनपुर थाने में बंद है कार लखनऊ के शिवा शर्मा हत्याकांड में आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे 8 दिन बाद भी पुलिस की पकड़ से दूर है। वह लगातार ठिकाने बदल रही है। उधर, जांच में 90.59 लाख रुपए के साइबर फ्राड आयुष्मान घोटाले के आरोपी अंकित जायसवाल से भी संबंध होने की बात सामने आई है। उसने श्रद्धा के नाम पर स्कोडा कार खरीदी थी, जो सहारनपुर के साइबर क्राइम थाने में बंद पड़ी हुई है। पूरी खबर पढ़ें 5- अजय राय बोले- कांग्रेस का सच्चा सिपाही हूं, बीजेपी लगातार प्रलोभन दे रही अजय राय ने पिंडरा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के ऐलान के बाद शनिवार को ताकत दिखाई। समर्थकों के साथ पहले ट्रैक्टर से चले, फिर बाइक से क्षेत्र में पहुंचे। बोले-कांग्रेस का सच्चा सिपाही हूं, कहीं भी नहीं जाऊंगा। कोई लालच नहीं। 2014 से बीजेपी लालच और प्रलोभन दे रही। हम राहुल गांधी से लगातार संपर्क में हैं। इसके पहले माता नकटेश्वरी धाम में दर्शन-पूजन किया। पूरी खबर पढ़ें अब अहम 8 खबरें... 6- पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हादसा, इंजीनियर और पिता की मौत; CCTV आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर दूसरी तरफ सड़क किनारे जा गिरी। हादसे का CCTV शनिवार को सामने आया है। कार की रफ्तार 110-120 किमी प्रति घंटा बताई जा रही है। इसमें दिल्ली में तैनात सिविल इंजीनियर शादाब (52) और पिता खुर्शीद अहमद (83) की मौत हो गई। पत्नी आसमां बानो, बेटी मायरा और बेटा अदनान घायल हैं। पूरी खबर पढ़ें 7- प्रतापगढ़ में अनुप्रिया बोलीं- INDIA गठबंधन में न कोई नेता, न कोई नीति, अराजकता फैला रहे प्रतापगढ़ में अपना दल के जनसभा में अनुप्रिया पटेल ने कहा कि INDIA गठबंधन एक के बाद एक चुनाव लगातार हार रहा है। उसका सबसे बड़ा कारण है कि न कोई नेता है, न कोई नीति है, न नियत है और न ही कोई एजेंडा है। इनके कार्यकर्ता एक दूसरे से ही लड़ रहे। देश की राजधानी में सड़कों पर अराजकता फैला रहे। कहा- NDA में विधानसभा सीटों पर बातचीत जल्द होगी। पूरी खबर पढ़ें 8- लखीमपुर में ट्रक ने बाइक सवारों को रौंदा, नर्सिंग की 2 छात्राओं समेत 3 की मौत लखीमपुर खीरी में ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी जिसमें 2 नर्सिंग छात्राओं समेत 3 लोगों की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक ट्रक के नीचे फंस गई। हादसा शनिवार दोपहर नेशनल हाईवे पर हुआ। मृतकों की पहचान प्रियंका और क्रांति के रूप में हुई है। तीसरे मृतक की उम्र करीब 32 साल है, जिसकी पहचान नहीं हो सकी। हादसे के बाद ड्राइवर फरार हो गया। पूरी खबर पढ़ें 9- जौनपुर में युवक खुद को आग लगाकर दौड़ने लगा, बोला- प्रधान ने बहुत मारा जौनपुर में निजी जमीन पर जबरन सड़क बनवाने से गुस्सा युवक ने पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा ली। वह जलते हुए रास्ते पर भागने लगा। लोगों ने देखा तो बाल्टी से पानी भरकर उस पर डालने लगे। कपड़े और बोरियां डालकर आग बुझाई। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि प्रधान उसकी जमीन पर जबरन सड़क बनवा रहे। मना करने पर मारा। पूरी खबर पढ़ें 10- लखनऊ में बाढ़, अब घर धंसने का डर सता रहा, 20 दिन से घर डूबे लखनऊ के फैजुल्लागंज में 40 हजार से ज्यादा मकानों के धंसने का डर सता रहा। करीब 20 दिन से ये मकान बाढ़ की चपेट में हैं। बाढ़ से 4 लाख से ज्यादा आबादी प्रभावित हुई है। इलाके की गलियों में अभी 2 से 4 फीट तक जलभराव है। लोग छतों पर तिरपाल डालकर फ्रिज, टीवी और अलमारी बचा रहे हैं। लोग कह रहे कि नदी में घर बनाया, इसलिए डूब गया। अब पछता रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें 11- हरदोई में एंबुलेंस के लिए पैदल चली गर्भवती, ग्रामीण बोले- डीएम साहब, सड़क बनवा दीजिए हरदोई में गर्भवती को एंबुलेंस तक पहुंचने के लिए कीचड़ भरे रास्ते पर करीब 900 मीटर पैदल चलना पड़ा। शुक्रवार को तबीयत बिगड़ने पर सलेमपुर गांव में एंबुलेंस घर तक नहीं पहुंच सकी। परिजन उसे पैदल लेकर एंबुलेंस तक पहुंचे। शनिवार को ग्रामीणों ने जर्जर सड़क पर पैदल मार्च कर प्रदर्शन किया। उन्होंने गुहार लगाई कि डीएम साहब, सलेमपुर की सड़क बनवा दीजिए। पूरी खबर पढ़ें 12- बृजभूषण शरण बोले- कांग्रेस का विनाश होने वाला है, पीएम का सामना नहीं कर पाएंगे गोंडा में शनिवार को भाजपा पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि कांग्रेस का विनाश होने वाला है। यही वजह है कि वहां वामपंथी, दक्षिणपंथी और दूसरे लोग पहुंच रहे हैं। पीएम मोदी का भाग्य ऐसा है कि ये लोग कभी उनका सामना नहीं कर पाएंगे। आरोप लगाया कि AAP की सरकार नशे का कारोबार कर रही। पंजाब की गौरवशाली भूमि को नशे की गिरफ्त में पहुंचा दिया। पूरी खबर पढ़ें 13- AMU में बग्घी पर सवार होकर सुप्रीम कोर्ट जज पहुंचे, बोले- सपने देखना न छोड़े अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में शनिवार को संस्थापक सर सैयद अहमद खान की जयंती मनाई गई। समारोह में सुप्रीम कोर्ट के जज ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह, कुलपति नइमा खातून के साथ बग्घी में पहुंचे। उन्होंने कहा कि सपने तुरंत पूरे हों, यह जरूरी नहीं है, लेकिन उन्हें देखना और पूरा करने की कोशिश नहीं छोड़नी चाहिए। छात्रों को कभी अपने सपने को सीमित नहीं करना चाहिए। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है... 14- लैब्राडोर डॉग की तेरहीं पर ब्रह्मभोज, 150 से अधिक लोगों को बुलाया गोरखपुर में रहने वाले अनिल मिश्रा के लैब्राडोर डॉग मौत के बाद परिवार ने उसकी तेरहीं पर ब्रह्मभोज कराया। तेरहीं के दिन सुंदरकांड का पाठ भी कराया गया। ब्रह्मभोज में 150 रिश्ते और नातेदार शामिल भी हुए। कैसा रहेगा कल का मौसम... 15- हल्की बारिश का अलर्ट 18 अक्टूबर को यूपी में मौसम साफ रहेगा। हालांकि, कुछ जिलों में हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर सहित कई शहरों में हल्की बारिश या बादलों की आवाजाही रह सकती है। कल शाम 7 बजे होगी मुलाकात…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)