यूपी के 60 हजार ग्राम प्रहरियों का मानदेय बढ़ाएगी सरकार:बरेली पुलिस लाइन से कल मुख्यमंत्री करेंगे ऐलान, हर महीने एक हजार रुपए की सीधी बढ़ोतरी

Oct 12, 2026 - 15:16
0
यूपी के 60 हजार ग्राम प्रहरियों का मानदेय बढ़ाएगी सरकार:बरेली पुलिस लाइन से कल मुख्यमंत्री करेंगे ऐलान, हर महीने एक हजार रुपए की सीधी बढ़ोतरी
उत्तर प्रदेश के करीब 60 हजार ग्राम प्रहरियों को राज्य सरकार बड़ा तोहफा देने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार (13 अक्टूबर) को बरेली पुलिस लाइन में आयोजित सम्मेलन के दौरान प्रहरियों को सम्मानित करेंगे और उनके मानदेय में एक हजार रुपए मासिक बढ़ोतरी की घोषणा करेंगे। इस फैसले के बाद ग्राम प्रहरियों का मानदेय 2,500 रुपए से बढ़कर सीधे 3,500 रुपए प्रति माह हो जाएगा। 40 प्रतिशत की इस एकमुश्त वृद्धि से प्रत्येक प्रहरी को सालाना 12 हजार रुपए की अतिरिक्त आमदनी होगी। ग्रामीण सुरक्षा तंत्र की मजबूत रीढ़ हैं थाने से जुड़े प्रहरी गृह विभाग के अधीन काम करने वाले ये ग्राम प्रहरी गांवों और स्थानीय थानों के बीच सबसे अहम संपर्क सूत्र हैं। ग्रामीण अंचलों में किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि, जमीनी विवाद, कानून-व्यवस्था की स्थिति या अपराध से जुड़ी गोपनीय सूचनाएं सबसे पहले इन्हीं के जरिए पुलिस तक पहुंचती हैं। गांवों में सुरक्षा व्यवस्था की पहली कड़ी होने के बावजूद ये लंबे समय से अल्प मानदेय में बढ़ोतरी की मांग उठा रहे थे, जिस पर अब सरकार ने मुहर लगा दी है। सरकारी खजाने पर हर साल पड़ेगा 84 करोड़ का अतिरिक्त भार प्रदेश भर में तैनात 60 हजार ग्राम प्रहरियों के मानदेय में वृद्धि से सरकारी खजाने पर हर महीने करीब 7 करोड़ रुपए का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा। इस हिसाब से सालाना कुल 84 करोड़ रुपए का अतिरिक्त व्यय होगा। वित्त विभाग ने इस वित्तीय भार की रूपरेखा तैयार कर ली है और संभावना है कि सरकार आगामी अनुपूरक बजट में इस मद के लिए आवश्यक धनराशि का विधिवत प्रावधान करेगी। चुनावी माहौल से पहले मानदेय कर्मियों की आय बढ़ाने पर जोर योगी सरकार बीते कुछ महीनों से संविदा और मानदेय पर निर्भर विभिन्न संवर्गों की आय में लगातार सुधार कर रही है। परिषदीय स्कूलों की 3.53 लाख रसोइयों का मानदेय 2,000 से बढ़ाकर 3,000 रुपए किया जा चुका है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में 4,000 और सहायिकाओं में 2,000 रुपए का इजाफा हुआ है। इसके साथ ही 57 हजार से अधिक पंचायत सहायकों का मानदेय 6,000 से 9,000 रुपए और पीआरडी स्वयंसेवकों का दैनिक भत्ता 500 से बढ़ाकर 600 रुपए किया जा चुका है। अब इसी कड़ी में ग्राम प्रहरियों को राहत दी जा रही है। सवा करोड़ लाभार्थियों की सामाजिक पेंशन में भी 500 रुपए बढ़ोतरी की तैयारी मानदेय कर्मियों के साथ ही सरकार प्रदेश के सवा करोड़ से अधिक पेंशनर्स को भी बड़ी राहत देने का मन बना चुकी है। मुख्यमंत्री की सैद्धांतिक सहमति के बाद वृद्धावस्था, निराश्रित महिला (विधवा) और दिव्यांगजन पेंशन की राशि को 1,000 से बढ़ाकर 1,500 रुपए प्रति माह करने का प्रस्ताव तैयार है। नवंबर के दूसरे पखवाड़े में इस प्रस्ताव को कैबिनेट में लाए जाने की संभावना है, जिससे 67 लाख बुजुर्गों, 42 लाख विधवाओं और 12 लाख दिव्यांगों को सालाना 6 हजार रुपए अतिरिक्त मिल सकेंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User