यूपी में 4 लाख से ज्यादा फार्मासिस्ट बेरोजगार:विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर नियुक्तियों का मुद्दा उठा, सरकार की चुप्पी पर सवाल
बस्ती में विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर एक संगोष्ठी हुई। यह कार्यक्रम शुक्रवार दोपहर 2 बजे कंपनी बाग के पास एक सभागार में ऑल इंडिया फार्मासिस्ट फेडरेशन ने आयोजित किया। फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. वाहिद अली सिद्दीकी ने फार्मासिस्टों की समस्याओं पर बात की। उन्होंने कहा कि अगर सरकार प्रशिक्षित फार्मासिस्टों को नौकरी दे, तो स्वास्थ्य सेवाओं की खराब हालत सुधर सकती है। डॉ. सिद्दीकी ने बताया कि एक तरफ सरकार संविदा डॉक्टरों से काम चला रही है, वहीं उत्तर प्रदेश में 4 लाख 20 हजार से ज्यादा फार्मासिस्ट बेरोजगार हैं। उन्हें तुरंत नौकरी देकर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर किया जा सकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि फार्मासिस्टों को ट्रेनिंग देकर ग्रामीण इलाकों में डॉक्टर के तौर पर नियुक्त किया जाए, जिससे गांवों की स्वास्थ्य सेवा सुधरेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि साल 2007 के बाद से कोई नई भर्ती न करके सरकार फार्मासिस्टों के हितों को नजरअंदाज कर रही है। डॉ. सिद्दीकी ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही उनकी समस्याओं का हल नहीं निकला, तो फेडरेशन पूरे प्रदेश में आंदोलन करेगा। गोष्ठी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोज चौधरी, महासचिव डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय, फेडरेशन जिलाध्यक्ष डॉ. पवन कुमार पाण्डेय, जफर अहमद अंसारी और श्यामनरायन चौधरी ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने फार्मासिस्टों की समस्याओं पर बात की और एकजुट रहने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवाओं का अहम हिस्सा हैं और डॉक्टर तथा मरीज के बीच एक मजबूत कड़ी का काम करते हैं। इस कार्यक्रम में प्रदीप जायसवाल, राघवेंद्र प्रसाद, विनोद कुमार, अमित चौधरी, सुभाष चंद्र राना, जय प्रकाश मौर्या, संदीप कुमार, गंगाराम, सौरभ पाण्डेय समेत कई फार्मासिस्ट और सामाजिक संगठनों के लोग मौजूद थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)