सम्भल में एक्सप्रेस-वे अलाइनमेंट बदलने की मांग:असमोली विधायक ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, कई गांवों की जमीन प्रभावित होने की आशंका
शुक्रवार को 12 बजे सम्भल के बहजोई स्थित जिला मुख्यालय पर असमोली से सपा विधायक पिंकी सिंह यादव ने जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा। उन्होंने प्रस्तावित अलोनाद-मुरादाबाद-मीनफील्ड कॉरिडोर/एक्सप्रेसवे के अलाइनमेंट में बदलाव की मांग की है। विधायक ने किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं को देखते हुए यह कदम उठाया। ज्ञापन में विधायक ने बताया कि प्रस्तावित एक्सप्रेसवे से असमोली क्षेत्र के कई गांवों की जमीन प्रभावित होने की आशंका है। इनमें लखनपुर, शकरपुर तारनपुर, चाचूनाताल, रमेड सलेमपुर, नरपुर-ततारपुर, नानाड़पुर इम्मा, नारनापुर, लधनपुर, सिरनी मोहिउद्दीनपुर, बहादुरपुर सराय उर्फ रामपुर, मुखापर ईसापुर, चूहरपुर और बेनीपुर चक जैसे गांव शामिल हैं। किसानों को चिंता है कि उनकी खेती की जमीन परियोजना में आने से उनकी आजीविका पर असर पड़ेगा। मुआवजा देने की भी मांग की गई विधायक ने साफ किया कि ग्रामीण और किसान विकास के खिलाफ नहीं हैं। हालांकि, उनका कहना है कि विकास की कीमत पर उनकी खेती की जमीन और आजीविका को नुकसान नहीं होना चाहिए। उन्होंने मांग की कि अलाइनमेंट का दोबारा तकनीकी सर्वे कराया जाए। इससे ऐसा रास्ता खोजा जा सके, जिससे घनी आबादी, मकान, स्कूल, दुकान और छोटे व्यावसायिक प्रतिष्ठान कम से कम प्रभावित हों। ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि प्रभावित किसानों को उनकी गाटा संख्या और अधिग्रहित होने वाले जमीन के क्षेत्रफल की साफ जानकारी दी जाए। किसानों को अपनी आपत्ति दर्ज कराने और सुनवाई का मौका मिले। साथ ही, मौके पर सीमांकन और सर्वे कराया जाए। इसके अलावा, साल 2026 के सर्किल रेट के हिसाब से मुआवजा देने की भी मांग की गई है। विधायक ने अनुरोध किया कि सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी किए बिना किसानों को उनकी जमीन से बेदखल न किया जाए और न ही कोई निर्माण कार्य शुरू हो। उन्होंने ज्ञापन की कॉपी शासन, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी और एनएचएआई के परियोजना निदेशक को भी भेजी है। इसमें प्रस्तावित अलाइनमेंट पर दोबारा विचार करने की मांग की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)