पटना में सनकी युवक का खौफनाक हमला, घर में घुसकर परिवार पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, मासूम समेत 4 झुलसे

पटना सिटी में एक सनकी युवक ने घर में घुसकर परिवार के चार लोगों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना में दंपती, उनकी बहू और तीन साल की बच्ची गंभीर रूप से झुलस गईं। आरोपी भी आग में झुलसने के बाद गंगा नदी में कूद गया।

पटना में सनकी युवक का खौफनाक हमला, घर में घुसकर परिवार पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, मासूम समेत 4 झुलसे

दि राइजिंग न्यूज |  बिहार । 20 मई 2026

बिहार की राजधानी पटना से इंसानियत को झकझोर देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। पटना सिटी के चौक थाना क्षेत्र स्थित राजाराम गली में बुधवार सुबह एक सनकी युवक ने घर में घुसकर पूरे परिवार को जिंदा जलाने की कोशिश की। आरोपी ने घर के अंदर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। यह घटना श्याम मंदिर के पास स्थित एक मकान में हुई। आरोपी युवक की पहचान कन्हाई के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसने पुरानी रंजिश और पैसों के विवाद में इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।


दंपती, बहू और मासूम बच्ची आग में झुलसी

इस दर्दनाक घटना में पुरुषोत्तम अग्रवाल, उनकी पत्नी नीलम अग्रवाल, बहू मोनी कुमारी और तीन साल की मासूम पोती गंभीर रूप से झुलस गईं। आग इतनी भयानक थी कि परिवार के लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल सभी का इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।


आरोपी भी झुलसा, गंगा नदी में कूदा

बताया जा रहा है कि आग लगाने के दौरान आरोपी कन्हाई भी झुलस गया। शरीर में आग लगने के बाद वह जान बचाने के लिए कंगन घाट पहुंचा और गंगा नदी में छलांग लगा दी। बाद में उसे भी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पेट्रोल से भरी कई बोतलें लेकर आया था। घटना स्थल से एक पेट्रोल की बोतल भी बरामद की गई है।


5 दिन पहले हुई थी महिला की दूसरी शादी

घायल पुरुषोत्तम अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि आरोपी कन्हाई पहले उनकी बहू मोनी का पति था। वह अक्सर मोनी के साथ मारपीट करता था, जिससे परेशान होकर उससे तलाक ले लिया गया। इसके बाद करीब 15 दिन पहले मोनी की दूसरी शादी कर दी गई थी। आरोप है कि तलाक के बदले कन्हाई को करीब 3 लाख 47 हजार रुपये दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद वह लगातार पैसों की मांग कर रहा था।


फोन कर ली जानकारी, फिर पहुंच गया घर

पीड़ित परिवार के मुताबिक, घटना वाले दिन सुबह आरोपी ने फोन कर यह जानकारी ली कि घर के पुरुष सदस्य कहां हैं। जब उसे बताया गया कि वे ड्यूटी पर जा चुके हैं, तब वह पेट्रोल लेकर घर पहुंच गया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने सीढ़ियों से ही पेट्रोल छिड़कना शुरू कर दिया और फिर घर के अंदर घुसकर आग लगा दी। जब तक परिवार के लोग कुछ समझ पाते, तब तक पूरा घर आग की चपेट में आ चुका था।


इलाके में फैली दहशत, जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। थाना प्रभारी राजकिशोर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोप साबित होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।