14 माह के बच्चे को 5 लाख रुपए में बेचा:नगीना पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया, बच्चा बरामद; एसपी ने किया खुलासा

Sep 29, 2026 - 16:05
0
14 माह के बच्चे को 5 लाख रुपए में बेचा:नगीना पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया, बच्चा बरामद; एसपी ने किया खुलासा
बिजनौर के नगीना पुलिस ने बच्चे की खरीद-फरोख्त के मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 14 माह के बच्चे को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया। एसपी केके विश्नोई ने मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक, आर्थिक तंगी के चलते बच्चे को पहले 2 लाख रुपए में लिया गया और बाद में उसे 5 लाख रुपए में दूसरे दंपती को देने की बात सामने आई है। भुरापुर निवासी ताजुद्दीन ने 28 सितंबर को पुलिस को तहरीर दी थी। इसमें बताया कि उसकी बहन शबनम पत्नी फरमान निवासी नैनपुरा ने अपने 14 माह के बेटे को पालन-पोषण के लिए शफीकन पत्नी फरीद और फरीद पुत्र अब्दुल रशीद को दिया था। आरोप है कि शफीकन और फरीद ने अन्य लोगों के साथ मिलकर बच्चे को बेच दिया। आर्थिक तंगी में बच्चे को देने का फैसला पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शबनम और फरमान के पहले से चार बच्चे थे। बाद में उनके यहां जुड़वा बच्चे हुए, जिनमें एक बेटा और एक बेटी थी। आर्थिक परेशानी के चलते उन्होंने करीब 15 दिन के बेटे को किसी को देने का फैसला किया। पुलिस के अनुसार, शफीकन के माध्यम से जितेंद्र कुमार उर्फ विक्की, कपिल उर्फ राजवीर और शिवानी ने 28 सितंबर को बच्चे को 2 लाख रुपए में लिया था। संतानहीन दंपती को 5 लाख में देने की बात पुलिस के मुताबिक, इसके बाद बच्चे को संतानहीन प्रीतम सैनी और सलोचना को 5 लाख रुपए में दिए जाने की बात सामने आई। सलोचना हरिद्वार के बहादुरपुर सैफी की रहने वाली है। पुलिस पूछताछ में रुपयों के लेन-देन और बच्चे को एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक पहुंचाने की कड़ियां सामने आने की बात कही गई है। अस्पतालों में हुआ रुपयों और बच्चे का लेन-देन पुलिस के अनुसार, रुपयों का लेन-देन रोनक हॉस्पिटल में डॉ. कपिल उर्फ राजवीर के माध्यम से कराया गया था, जबकि बच्चे का लेन-देन पीयूष हॉस्पिटल में डॉ. जितेंद्र कुमार के माध्यम से हुआ। पूछताछ में यह भी सामने आया कि बच्चे को 5 लाख रुपए में दिए जाने के बाद मिली रकम को आरोपियों ने आपस में बांटा था। बाद में बच्चे के माता-पिता को अधिक रकम में बच्चे को दिए जाने की जानकारी हुई। पुलिस के मुताबिक, शिकायत की बात सामने आने के बाद आरोपियों की ओर से डेढ़ लाख रुपए और दिए गए। छह आरोपी गिरफ्तार, बच्चे को परिवार को सौंपा पुलिस ने मामले में नन्दपुर निवासी जितेंद्र कुमार उर्फ विक्की, कपिल उर्फ राजवीर, फरमान, शफीकन, शबनम और हरिद्वार निवासी सलोचना को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस मामले में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User