17 वर्षीय किशोर का अपहरण कर मांगी 5 लाख फिरौती:24 घंटे में झांसी से सकुशल बरामद, वैगनआर कार समेत दो शातिर किडनैपर गिरफ्तार
बरेली के नवाबगंज इलाके से 17 वर्षीय किशोर देवेंद्र का अपहरण कर 5 लाख रुपए की फिरौती मांगने के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। नवाबगंज पुलिस, सर्विलांस सेल और एसओजी की संयुक्त टीम ने झांसी पुलिस के साथ मिलकर घेराबंदी की और अपहृत किशोर को सकुशल बरामद कर लिया। मौके से अपहरण में इस्तेमाल वैगनआर कार और दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। सिम बेचने के बहाने झांसी बुलाकर किया था किडनैप
पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि देवेंद्र सिम बेचने का काम करता था। आरोपियों ने सिम खरीदने के बहाने संपर्क कर उसे बरेली से झांसी बुलाया। झांसी पहुंचते ही दोनों ने उसे बंधक बनाकर वैगनआर कार में डाल लिया और देवेंद्र के ही मोबाइल से उसके परिजनों को फोन कर 5 लाख की फिरौती मांगी। रकम न देने पर किशोर की हत्या करने की धमकी दी जा रही थी। मोबाइल लोकेशन से खुली पोल, झांसी में दबोचे गए आरोपी
पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। सर्विलांस टीम ने जब किशोर के मोबाइल की लोकेशन खंगाली, तो वह झांसी के गुरसराय क्षेत्र में मिली। नवाबगंज और झांसी पुलिस ने संयुक्त रूप से लोहिया पुलआडी मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध हालत में खड़ी वैगनआर कार को घेर लिया और किशोर को सुरक्षित मुक्त कराया। झांसी के रहने वाले हैं दोनों आरोपी, पहले से दर्ज हैं मुकदमे
पकड़े गए आरोपियों की पहचान राकेश कुशवाहा और नीरज कुशवाहा निवासी गुरसराय, झांसी के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी जुआ अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल वैगनआर कार और दो एंड्रॉयड मोबाइल बरामद कर दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। सीओ बोले 24 घंटे में किशोर को सकुशल बरामद किया
सीओ नवाबगंज नीलेश मिश्र ने बताया कि तहरीर मिलते ही पुलिस, सर्विलांस और एसओजी टीमों को एक्टिव किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों की मदद से अपहृत की लोकेशन झांसी में ट्रेस हुई, जिसके बाद टीम ने फौरन कार्रवाई कर किशोर को सकुशल बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को जेल भेजा जा चुका है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)