विंध्याचल में नवरात्रि मेले की तैयारियों की समीक्षा:11 अक्टूबर से शुरू होगा मेला, डीएम-एसपी ने व्यवस्थाएं परखीं

Oct 01, 2026 - 22:39
0
विंध्याचल में नवरात्रि मेले की तैयारियों की समीक्षा:11 अक्टूबर से शुरू होगा मेला, डीएम-एसपी ने व्यवस्थाएं परखीं
मिर्जापुर के विंध्याचल धाम में 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले शारदीय नवरात्रि मेले की तैयारियों को लेकर गुरुवार की शाम जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने विंध्याचल प्रशासनिक भवन में अधिकारियों के साथ बैठक की। मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं को 10 अक्टूबर तक पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक के बाद डीएम-एसपी ने विंध्याचल मंदिर, परिक्रमा पथ और गलियों का स्थलीय निरीक्षण भी किया। जिलाधिकारी ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को मां विंध्यवासिनी का सुगम दर्शन-पूजन कराने के साथ उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने त्रिकोण मार्ग तथा अष्टभुजा पहाड़ पर मोतिया तालाब से सीता कुंड तक पर्याप्त एलईडी लाइट लगाने के निर्देश दिए। मंदिर परिसर, गंगा घाट, बैरिकेडिंग, पार्किंग, मेला मार्गों की सफाई और श्रद्धालुओं के बैठने के लिए शेड की व्यवस्था भी समय से पूरी कराने को कहा। गंगा घाटों पर स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मजबूत बैरिकेडिंग, लाइफ गार्ड और महिलाओं के कपड़े बदलने के स्थान तैयार कराने के निर्देश दिए गए। गंगा के जलस्तर को देखते हुए सुरक्षित स्नान क्षेत्र निर्धारित करने को कहा गया। अखाड़ा घाट से दीवान घाट तक संयुक्त निरीक्षण कर जलस्तर घटने के बाद सफाई कराने और जरूरत के अनुसार अस्थायी शौचालय व इनक्लोजर बनाने को कहा। डीएम ने सड़क मरम्मत, पेयजल के लिए टैंकर, अस्थायी टोंटियां और शास्त्री ब्रिज पर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने को कहा। मेला क्षेत्र से गोवंश को हटाकर गौशालाओं में पहुंचाने तथा कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराने के निर्देश दिए। एसपी ने पार्किंग स्थलों पर शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और रेट सूची बोर्ड लगाना अनिवार्य करने को कहा। निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। बसों और ट्रेनों की समय-सारणी सार्वजनिक करने के साथ रेलवे स्टेशन पर शेड, शौचालय और सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। आपात स्थिति के लिए मंदिर के गेट नंबर एक पर एंबुलेंस उपलब्ध रखने तथा विद्युत कनेक्शन और अग्निशमन उपकरणों की जांच कराने को कहा गया। इस निरीक्षण के दौरान एडीएम विनोद कुमार सिंह, एएसपी नगर योगेंद्र सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, सीएमओ डॉ. कीर्ति कुमार मिश्रा समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User